अंधेरे में डूबी तालपुरी बी ब्लॉक कॉलोनी, स्ट्रीट लाइट बंद, चोरी के प्रयास, भड़के रहवासी, रिसाली निगम में हंगामा

भिलाई की तालपुरी बी ब्लॉक कॉलोनी में तीन महीने से स्ट्रीट लाइट बंद होने पर रहवासियों ने रिसाली निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने केबल फाल्ट ठीक कराने की पहल की।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। दीपावली नजदीक है, लेकिन इंटरनेशनल कॉलोनी तालपुरी के बी ब्लॉक का एक हिस्सा पिछले तीन महीने से अंधेरे में डूबा हुआ है। स्ट्रीट लाइट बंद हैं, चोरी के प्रयास हो चुके हैं और बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार रहवासियों का सब्र जवाब दे गया। एसोसिएशन अध्यक्ष सुनील चौरसिया के नेतृत्व में आक्रोशित कॉलोनीवासी नगर निगम रिसाली कार्यालय पहुंच गए। यहां जमकर नारेबाजी कर अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की।

रहवासियों ने साफ कर दिया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, समस्याओं का तत्काल समाधान चाहिए। निगम कार्यालय में आयुक्त मौजूद नहीं थीं। ऐसे में कॉलोनीवासियों ने दोपहर 2 बजे तक इंतजार किया। इसके बाद कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे से मुलाकात कर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।

स्ट्रीट लाइट बंद, चोरी के प्रयास से बढ़ी सुरक्षा की चिंता

कॉलोनीवासियों ने बताया कि बी ब्लॉक के साउथ गार्डन क्षेत्र में करीब तीन महीने से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं। रात होते ही इलाके में अंधेरा छा जाता है। इसका फायदा उठाकर चोरी के प्रयास भी किए गए हैं। दीपावली जैसे बड़े त्योहार से पहले भी रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। रहवासियों ने निगम अधिकारियों से बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

पारिजात परिसर के लिए अलग गेट की मांग, बाहरी बाउंड्री पर भी उठे सवाल

बैठक में केवल स्ट्रीट लाइट का मुद्दा ही नहीं उठा। कॉलोनीवासियों ने बाहरी बाउंड्री वॉल पर लगे कंटीले तारों के रखरखाव की समस्या भी सामने रखी। ईडब्ल्यूएस के पारिजात परिसर का मामला भी उठाया गया। रहवासियों के मुताबिक, यहां करीब 95 प्रतिशत लोग किरायेदार हैं। परिसर में आए दिन उत्पात और घटनाओं की शिकायतें सामने आती हैं। वहां आने-जाने के लिए केवल एक मुख्य गेट है, जिसके कारण आवागमन मेन कॉलोनी से होकर होता है। इस समस्या के समाधान के लिए पारिजात परिसर में एक अतिरिक्त गेट बनाने की मांग की गई।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने यह भी नाराजगी जताई कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के रूप में वे स्थानीय स्वशासन व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन निगम में उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता।

केबल फाल्ट ठीक कराने के लिए विशेषज्ञ एजेंसी बुलाई, कल से काम शुरू करने की तैयारी

बैठक के दौरान कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे ने स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारणों का पता लगाने के लिए केबल फाल्ट की जांच कराने की बात कही। इस पर एसोसिएशन ने हथखोज की एक बड़ी एजेंसी से संपर्क कराया, जिसे केबल फाल्ट खोजने और सुधारने का विशेषज्ञ अनुभव है। कार्यपालन अभियंता ने तत्काल एजेंसी को फाल्ट तलाशने के निर्देश दिए। साथ ही निगम के सहायक अभियंता उमेश कोठारी को भी मौके पर पहुंचने के लिए कहा।

इसके करीब एक घंटे के भीतर दोनों एजेंसियों के प्रतिनिधि साउथ गार्डन पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और तकनीकी स्थिति का गहन अध्ययन किया। एजेंसी को शाम तक एस्टीमेट देने और अगले दिन से काम शुरू करने के लिए कहा गया।

कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे की ओर से तत्काल पहल किए जाने पर कॉलोनीवासियों ने उनका आभार जताया। अब रहवासियों को उम्मीद है कि तीन महीने से जारी अंधेरे की समस्या से जल्द मुक्ति मिलेगी।

आंदोलन में ये कॉलोनीवासी रहे शामिल

प्रदर्शन और चर्चा में मुख्य रूप से विजया राव, शकुंतला देवांगन, डॉ. लक्षयप्रद, वेणुगोपाल देवांगन, राम नारायण साहू, केएन दिवाकर, तोरण लाल सिन्हा, आईएन वामहने, पुरुषोत्तम राव, श्रीनिवास राव, संतोष साहू, सुशील सिंह, काशी राम देशमुख, एसएल वर्मा, सत्यनारायण महाराणा, धनेश्वर, जेके वर्मा, विजय ततोड़े, रूप सिंह देवांगन, राजेंद्रन, सीके खांडेकर, एके साहू, पीएस दुधे, अजय कुशवाहा और चंद्रकांत धोते सहित अन्य कॉलोनीवासी शामिल थे।