कल्याण पीजी कॉलेज के प्राणीशास्त्र विभाग ने बुजुर्गों संग साझा की दिवाली की खुशियां

सेवा, सम्मान और संवेदना के साथ मनाई गई यह दीपावली सभी के लिए एक यादगार एवं प्रेरणादायक अनुभव बन गई।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को आत्मसात करने का भी अवसर है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए कल्याण पीजी कॉलेज, भिलाई नगर के प्राणीशास्त्र विभाग द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। दीपावली के शुभ अवसर पर विभाग के संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने आस्था बहुउद्देशीय संस्थान, सेक्टर-08, भिलाई स्थित वृद्धाश्रम का भ्रमण कर वहां निवासरत बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर सभी ने बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। साथ ही उनकी दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सामग्री भेंट की गई। इस पहल के माध्यम से बुजुर्गों को अपनत्व, सम्मान और सहयोग का एहसास कराने का प्रयास किया गया। विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के जीवन के अनुभवों को सुना और उनके साथ कुछ यादगार पल बिताए। यह अनुभव सभी के लिए भावनात्मक एवं प्रेरणादायक रहा।

इस सामाजिक पहल का आयोजन प्राणीशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शिप्रा सिन्हा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने, बुजुर्गों का सम्मान करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने हेतु प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन में विभाग ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।

कार्यक्रम में प्राणीशास्त्र विभाग के संकाय सदस्य नुसरत खान, अरविंद कुमार साहू, दीपांशु तारम, गंगा एवं सृष्टि बोरकर उपस्थित रहे। साथ ही विभाग के विद्यार्थी प्रतिनिधियों में विद्यार्थी अध्यक्ष दीपिका चौबे एवं विद्यार्थी उपाध्यक्ष मिथलेश साहू ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

प्राणीशास्त्र विभाग की इस पहल ने समाज को एक सुंदर संदेश दिया कि दीपावली का वास्तविक आनंद केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का प्रकाश फैलाने में है। बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाना, उन्हें सम्मान देना और अपनेपन का एहसास कराना ही इस दीपावली की सबसे बड़ी सार्थकता रही। सेवा, सम्मान और संवेदना के साथ मनाई गई यह दीपावली सभी के लिए एक यादगार एवं प्रेरणादायक अनुभव बन गई।