शबरीमाला तीर्थयात्रा पर भिलाई-दुर्ग से काले कपड़ों में जत्था रवाना, दुर्ग स्टेशन पर गूंजा 'शरणम् अय्यप्पा'

सहकरण शबरीमाला यात्रा संघ (SSYS) की 20वीं पवित्र यात्रा दुर्ग से श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना। काले वस्त्र धारण किए, माथे पर चंदन और गले में तुलसी व रुद्राक्ष की माला पहने श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

सूचनाजी न्यूज, दुर्ग। सहकरण शबरीमाला यात्रा संघ (SSYS) के तत्वावधान में आयोजित 20वीं वार्षिक पवित्र शबरीमाला तीर्थयात्रा दुर्ग रेलवे स्टेशन से पूर्ण श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ प्रारंभ हुई। इस अवसर पर भगवान अय्यप्पा के जयघोष, 'शरणम् अय्यप्पा' के उद्घोष और भजन-कीर्तन से पूरा स्टेशन परिसर भक्तिमय हो उठा। काले वस्त्र धारण किए, माथे पर चंदन और गले में तुलसी व रुद्राक्ष की माला पहने श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

अतिथियों ने गुलाब भेंट कर दीं शुभकामनाएं

तीर्थयात्रियों को विदाई देने के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व महासचिव परविंदर सिंह ग्रेवाल एवं प्रदीप मेनन विशेष रूप से दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे। दोनों अतिथियों ने सभी 'स्वामी' (श्रद्धालुओं) का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें गुलाब की कलियां भेंट कर उनकी सुरक्षित एवं सफल तीर्थयात्रा के लिए मंगलकामनाएं दीं।

20 वर्षों की निरंतर परंपरा और 41 दिनों का कठोर व्रत

संघ की यात्रा का यह 20वां वर्ष होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उमंग देखी गई। उल्लेखनीय है कि संघ पिछले 19 वर्षों से निरंतर इस पवित्र यात्रा का सफल आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष के जत्थे में कुल 36 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 29 पुरुष और 7 महिलाएं (मलिकापुरम अम्मा) हैं। सभी श्रद्धालुओं ने यात्रा से पूर्व 41 दिनों के कठिन व्रत, ब्रह्मचर्य, सात्विक आहार और नियमित पूजा-अर्चना के नियमों का निष्ठापूर्वक पालन किया है।

तीर्थयात्रा का प्रमुख कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह जत्था दुर्ग से प्रस्थान कर सर्वप्रथम केरल के त्रिचूर पहुंचेगा। इसके पश्चात श्रद्धालु गुरुवायूर स्थित भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करेंगे और केरल के अन्य प्राचीन मंदिरों के दर्शन करते हुए एरुमेली पहुंचेंगे। शबरीमाला यात्रा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर पारंपरिक 'पेटा तुल्लल' और वावार स्वामी के दर्शन की रस्म निभाई जाएगी।

एरुमेली से आगे बढ़कर श्रद्धालु दक्षिण की गंगा कही जाने वाली पवित्र पंपा नदी में स्नान करेंगे। यहां भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के पश्चात सिर पर 'इरुमुडि' रखकर कठिन पहाड़ी और घने जंगलों के मार्ग से पैदल यात्रा प्रारंभ होगी। अंत में श्रद्धालु पवित्र 18 सीढ़ियां (पदिनेट्टाम्पडी) चढ़कर भगवान अय्यप्पा के दिव्य दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

जत्थे में शामिल श्रद्धालु

पुरुष श्रद्धालु: उन्नी कृष्णन नायर, के.आर.आर. नायर, एस.एस. जितेंद्र, पी.जी.आर. पिल्लई, सुजीत नायर, उन्नी कृष्णन, जे. देशमुख, सुभाष नायर, दीपक चौरसिया, अनूप कुमार, नंद कुमार, अशोक मारार, नारायण मुखिया, बी. अनिल कुमार, आरुष, निशीद, वेंकट सुब्रमण्यम, लक्ष्मीकांत झाडे, राजीव श्रीवास्तव, अरविंद गुप्ता, पी.जी. राधाकृष्णन, सुनील कुमार, शशि शर्मा, विनोद कुलकर्णी, विनोद मारार, आदि, प्रेम कुमार, राजश्री गुप्ता एवं ईश्वर बसोटिया।

महिला श्रद्धालु (मलिकापुरम अम्मा): पद्मिनी, सुभगा, साजिश कुमारी, अनीता, राजेश्वरी, सुमा एवं गीता।