तीन हादसे, मौत का कहर: बच्चों संग 19 जिंदगियां खत्म, दर्शन- सैर-सपाटे से लौट रहे लोगों का आखिरी सफर बना हाईवे
राजस्थान से गुजरात तक सड़क पर बिछीं लाशें, कहीं खाटूश्याम के दर्शन कर लौट रहा परिवार उजड़ा तो कहीं रण ऑफ कच्छ घूमकर लौट रहे मासूम बच्चों की सांसें थम गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसों पर जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना।
सूचनाजी न्यूज, दिल्ली। किसी घर में मां की ममता हमेशा के लिए छिन गई, कहीं मासूम बच्चों की किलकारियां खामोश हो गईं और कहीं एक साथ पूरा परिवार मौत की नींद सो गया। सड़क पर दौड़ती गाड़ियां अचानक मौत का दरवाजा बन गईं। राजस्थान और गुजरात में हुए तीन भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। इन दुर्घटनाओं में 19 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। हादसों का मंजर इतना भयावह था कि कहीं कार ट्रक में जा घुसी तो कहीं टक्कर के बाद कार के दो टुकड़े हो गए।
इन दर्दनाक हादसों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कच्छ में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
कोटा-उदयपुर हाईवे: खाटूश्याम के दर्शन कर लौट रहे 9 लोगों की मौत
राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर मौत ने एक पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। महाराष्ट्र नंबर की क्रूजर गाड़ी में सवार लोग खाटूश्याम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे खड़े ट्रक से क्रूजर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। क्रूजर ट्रक में जा घुसी।
इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। क्रूजर में कुल 16 लोग सवार बताए गए हैं। घायलों को कोटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। एक पल की चूक ने दर्शन कर लौट रहे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
जोधपुर: रामदेवरा से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, 3 की मौत
दूसरा हादसा राजस्थान के फलौदी जिले में हुआ। यहां कार और टैंपो ट्रैवलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बनासकांठा का एक परिवार प्रभावित हुआ, जो रामदेवरा में दर्शन करने के बाद लौट रहा था। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 5 की हालत गंभीर है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दर्शन करके घर लौटने की उम्मीद लगाए परिवार के लिए यह सफर कभी न भूलने वाला मातम बन गया।
कच्छ: टक्कर के बाद दो हिस्सों में बंटी कार, 7 लोगों की मौत
तीसरा हादसा गुजरात के कच्छ में हुआ। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर कार और ट्रेलर की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार दो हिस्सों में बंट गई।
कार में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र का एक परिवार सवार था। परिवार रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहा था। इस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 2 पुरुष, 2 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल बताए गए हैं। इनमें महज तीन महीने की एक मासूम बच्ची भी थी।
बताया गया है कि परिवार सेना के जवानों से जुड़ा था। घूमने-फिरने और यादगार पल बिताने निकले परिवार का सफर अचानक मौत के मंजर में बदल गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
राष्ट्रपति ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर कच्छ हादसे को लेकर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि गुजरात के कच्छ में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इन हादसों पर दुख व्यक्त किया है।
तीनों हादसों की तस्वीर एक ही सवाल छोड़ जाती है…
आखिर सड़क पर सफर कब सुरक्षित होगा? दर्शन करके घर लौटते लोग हों या पर्यटन से यादें लेकर वापस आने वाले परिवार, किसी को अंदाजा नहीं था कि उनका यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। मौसम भी बदल रहा है। इसलिए हर कोई सड़क पर सावधानी बरते। खुद और दूसरों की जिंदगी भी बचाएं।