टोक्यो एशियाई खेल 2026 के कांस्य पदक विजेता अनिमेष कुजूर का सीएम ने किया स्वागत, पढ़ें डिटेल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में अनिमेष कुजूर से मुलाकात कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई और शुभकामनाएं दीं।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। टोक्यो एशियाई खेल 2026 में भारत का नाम वैश्विक पटल पर रोशन करने वाले छत्तीसगढ़ के जशपुर के लाडले और देश के दिग्गज धावक (स्प्रिंटर) निमेष कुजूर का छत्तीसगढ़ आगमन पर रायपूर एयरपोर्ट पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में अनिमेष कुजूर से मुलाकात कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने जताया गर्व, खेल जगत के दिग्गजों ने बढ़ाया हौसला
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अनिमेष कुजूर की यह ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए एक अत्यंत गौरव का विषय है। गौरतलब है कि अनिमेष ने भारत की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले टीम के हिस्से के रूप में 41.06 सेकंड का रिकॉर्ड समय निकालकर न केवल राष्ट्रीय रिकॉर्ड ध्वस्त किया, बल्कि देश की झोली में कांस्य पदक भी डाला।
इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनते हुए बीएसपी एथलेटिक्स क्लब के वर्किंग प्रेसिडेंट श्री परविंदर सिंह ग्रेवाल ने अनिमेष कुजूर की इस अभूतपूर्व सफलता की सराहना की। छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स एसोसिएशन से परविंदर सिंह ग्रेवाल एवं आदित्य कुमार ठाकुर ने मुख्यमंत्री से दिग्गज धावक (स्प्रिंटर) अनिमेष कुजूर के इस उपलब्धि पर उपयुक्त सरकारी नौकरी देने हेतु निवेदन किया। अनिमेष कुजूर के पिता अमृत कुजूर एवं माता रीना नीलम कुजूर इस गरिमामय क्षण के साक्षी बने एवं उन्होंने भी अपने बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस किया।
समारोह में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्ति
इस विशेष सम्मान समारोह में खेल विभाग की निदेशक आकांक्षा शिक्षा खाल्खो, संयुक्त निदेशक प्रभाकर पांडे, संयुक्त सचिव सुखनाथ अहिरवार सहित छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स एसोसिएशन से आदित्य कुमार ठाकुर, आशीष जायसवाल, अनूप कुमार यदु, रुस्तम सारंग, टी. एल. रेड्डी और हरगुलशन सिंह भी मुख्यमंत्री निवास में उपस्थित थे और सभी ने खिलाड़ी का उत्साहवर्धन किया।