भिलाई के उद्योगों में अघोषित बिजली कटौती, BSP एंसिलरी एसोसिएशन पहुंचा कलेक्टर के दरबार

मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर बिजली कटौती से राहत देने की मांग की। उद्योगों में बिजली कटौती का शेड्यूल जारी किए जाने का कलेक्टर ने दिया आश्वासन।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई के उद्योगों में अघोषित बिजली कटौती के कारण हो रहे नुकसान को लेकर बीएसपी एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह से मिला। उन्हें मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंप कर इस अघोषित बिजली कटौती को तत्काल बंद किए जाने की मांग की। अध्यक्ष रतन दासगुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधि मंडल की बातों को कलेक्टर महोदय ने गंभीरता पूर्वक सुना। उन्होंने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत की और प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि बिजली कटौती का एक शेड्यूल दे दिया जाएगा ताकि आप सभी को इसकी पूर्व में ही जानकारी हो सके।

अध्यक्ष रतन दासगुप्ता ने बताया कि भिलाई के उद्योगों में पिछले कुछ दिनों से लगातार अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। यह विद्युत कटौती 12 से 14 घंटे तक की जा रही है। इसके कारण यहां के उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उद्योगों के फर्नेस में माल चोक हो जा रहा है जिससे करोड़ों का नुकसान हो रहा है। सामने त्यौहार का सीजन है, दीपावली सामने है, ऐसे में हमें मजदूरों को बोनस भी देना है।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का कहना था कि केंद्र शासन का विज़न विकसित भारत बनाने की है, जिस हेतु उद्योगों को बढ़ावा देना चाहिए ताकि छत्तीसगढ़ प्रदेश के साथ -साथ भारत देश भी खुशहाली और तरक्की की तरफ बढ़े। लेकिन अघोषित बिजली कटौती से हमें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति रही तो उद्योगों में तालाबंदी की नौबत आ जाएगी।

प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनने के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तत्काल बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से बातचीत की तथा समस्या के तत्काल निराकरण का निर्देश दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों से चर्चा पश्चात कलेक्टर ने बताया कि उद्योगों में बिजली कटौती का एक शेड्यूल जल्द ही जारी कर दिया जाएगा ताकि सभी को इसकी जानकारी हो सके और वे उस हिसाब से अपना प्रोडक्शन कर सकें। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने उद्योगपतियों को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में उद्योगों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। 

प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष रतन दासगुप्ता, महासचिव श्याम अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रितपाल सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेश चावड़ा, सचिव वरुण घोष, वरिष्ठ सदस्य योगेश गुप्ता, नीलाद्री शाह एवं वरिष्ठ उद्योगपति संदीप अग्रवाल शामिल थे।