BSL सिक्योरिटी के 2 लोगों में मारपीट, कर्मचारी पर जानलेवा हमला, SC-ST थाने में शिकायत, GM आलोक चावला ये बोले…
Bokaro Steel Plant News: सिक्योरिटी डिपार्टमेंट में कार्यरत अरविंद पासवान की पत्नी ने लगाए प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप। पति के इलाज के दौरान की गई कथित घटना का भी किया जिक्र।
कर्मचारी की पत्नी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति थाना, बोकारो के प्रभारी से शिकायत पर संज्ञान लेने और उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के सिक्योरिटी डिपार्टमेंट के दो लोग आपस में भिड़ गए। नियमित कर्मचारी और संवादा कर्मी में हाथापाई हो गई। नियमित कर्मचारी को गहरी चोट लगी है। बीजीएच में भर्ती कराया गया है। आइसीयू में भर्ती हैं। वहीं, संविदा कर्मी का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है।
कर्मचारी अरविंद पासवान की पत्नी निकिता कुमारी ने सिक्योरिटी डिपार्टमेंट के अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति थाना, बोकारो में शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मामले पर महाप्रबंधक (GM) आलोक चावला का कहना है कि पिछले दिनों सेक्टर 6 में अरविंद ने कुछ ऐसी घटना को अंजाम दिया, जिससे विभाग की बदनामी होती। इसलिए उन्हें समझाया गया। एससी-एसटी सेल में जानकारी दी थी कि गतिविधियां ठीक नहीं है। उन्हें बुलाकर काउंसिंलिंग किया जाए। इसी बीच शनिवार को लाइव पेट्रोलिंग में किसी ड्राइवर से बहस हुई। इसके बाद मारपीट तक हो गई। जानकारी मिलते ही मैनें ड्यूटी इंचार्ज को भेजा। बीजीएच में भर्ती कराया। संविदा चालक सदर अस्पताल में भर्ती है।
दूसरी ओर शिकायत में अरविंद पासवान की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति को कार्यस्थल पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारी के कथित व्यवहार और धमकी से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए अपनी और अपने परिवार की चिंता जाहिर की है।
24 अक्टूबर की रात की घटना का जिक्र
शिकायत के मुताबिक, 24 अक्टूबर की रात कर्मचारी की पत्नी के मोबाइल फोन पर कॉल आया। इसके बाद उन्हें अपने पति के साथ हुई घटना की जानकारी मिली। शिकायतकर्ता ने आवेदन में पति की स्थिति और उनके इलाज से संबंधित घटनाक्रम का भी उल्लेख किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति को गंभीर परेशानी के बीच अस्पताल में इलाज कराना पड़ा। आवेदन में बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में इलाज और पति की स्थिति का जिक्र करते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की गई है।
GM पर धमकी देने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनके पति को डराने-धमकाने और परेशान करने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे उनके पति मानसिक तनाव में हैं। संबंधित घटनाक्रम को सामने रखते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
SC/ST थाने से न्याय की गुहार
कर्मचारी की पत्नी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति थाना, बोकारो के प्रभारी से शिकायत पर संज्ञान लेने और उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि मामले की सही तरीके से जांच होनी चाहिए, ताकि उनके पति को न्याय मिल सके।