रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
- भिलाई इस्पात संयंत्र से लौह स्क्रैप चोरी के इस प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ी है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र से करीब 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चोरी के स्क्रैप को खरीदकर रसमड़ा स्थित औद्योगिक इकाई में खपाने के आरोप में रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में दर्ज लौह स्क्रैप चोरी के प्रकरण की विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर की गई है। मामले में अब तक कुल 21 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अकलोरडीह के गोदाम से मिला था चोरी का स्क्रैप
मामले की शुरुआत 26 मई को हुई कार्रवाई से हुई थी। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के अकलोरडीह खदान पारा स्थित एके ट्रेडर्स के गोदाम से पुलिस ने भारी मात्रा में लौह स्क्रैप बरामद किया था। पुलिस जांच में यह स्क्रैप भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार ट्रांसपोर्टर आरोपित संजय सिंह बीएसपी से चोरी किए गए लौह स्क्रैप को अकलोरडीह स्थित गोदाम में डंप करता था। इसके बाद चोरी के इस स्क्रैप को रसमड़ा स्थित रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड में खपाए जाने की जानकारी जांच में सामने आई।
19 गिरफ्तारियों के बाद खुला औद्योगिक इकाई तक पहुंचने का रास्ता
पुलिस ने मामले की विवेचना आगे बढ़ाते हुए पहले 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इन आरोपितों से पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद चोरी के स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा में खपाए जाने के संबंध में पुलिस को साक्ष्य मिलने का दावा किया गया।
इसी आधार पर पुलिस ने विनोद कुमार गर्ग को गिरफ्तार किया। उनका निवास वालफोर्ट सिटी, भाठागांव, रायपुर बताया गया है। इसी मामले में संदीप कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। वह एसबीआई कॉलोनी, हाउस नंबर 94, जुनवानी रोड, स्मृति नगर, भिलाई निवासी बताए गए हैं।
दोनों को 18 सितंबर को गिरफ्तार किए जाने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है।
पहले भी हो चुकी है कई गिरफ्तारियां
इस प्रकरण में पुलिस इससे पहले मुख्य आरोपित संजय सिंह, उसके बेटे अभय सिंह, भाजपा नेता भास्कर मुदलियार, व्यवसायी हिमांशु खंडेलवाल सहित अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस इस प्रकरण में न्यायालय के समक्ष चालान भी पेश कर चुकी है। वहीं, बीएसपी स्तर पर भी मामले में कार्रवाई हुई है।
अब तक 21 आरोपित गिरफ्तार
भिलाई इस्पात संयंत्र से लौह स्क्रैप चोरी के इस प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ी है। अब तक कुल 21 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।


