भिलाई स्टील प्लांट के डीजीएम के बेटे रोहित ने जीवविज्ञान में हासिल की अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में भारत का प्रतिनिधित्व करने की पात्रता
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के विद्युत संगठन के भारी अनुरक्षण विद्युत विभाग के उपमहाप्रबंधक रंजन कुमार पंडा के बेटे ने जीवविज्ञान विषय में अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में भारत का प्रतिनिधित्व करने की पात्रता हासिल की है। देशभर में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। रोहित पंडा का अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड के लिए चयन हुआ है। रंजन एवं रूपाली पंडा के सुपुत्र रोहित पंडा ने जीवविज्ञान विषय में अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में चयनित होकर भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
रोहित पंडा पूरे प्रदेश में इकलौते छात्र हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जीवविज्ञान विषय में अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में भारत का प्रतिनिधित्व करने की पात्रता हासिल की है। विदित हो कि इस हेतु प्रतिभागियों को चार स्तर के कड़ी परीक्षाओं से गुजर कर पांचवे स्तर पर अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड के लिए क्वालीफाई करना होता है।
उल्लेखनीय है कि होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केन्द्र, टीआईएफआर, मुबंई द्वारा भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, खगोलषास्त्र, जूनियर साइंस और गणित शास्त्र में ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इसके अंतर्गत भारत में चार स्तरों पर प्रतियोगिता आयोजित होती है। छात्र इन चार स्तरों को पार करने के पश्चात ही पांचवे स्तर के अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड हेतु चयनित होते है। इन चार स्तरों से गुजरकर रोहित पंडा ने जीवविज्ञान के अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में जाने की पात्रता हासिल की।
विदित हो कि जीवविज्ञान के अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड प्रतियोगिता में पूरे भारत में सिर्फ चार छात्रों का चयन किया गया है, जिसमें से छत्तीसगढ़ के छात्र रोहित पंडा ने अपना स्थान बनाया है। यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इस वर्ष 33वां इंटरनेशनल बॉयोलॉजी ओलंपियाड 10 जुलाई, 18 जुलाई, 2022 के मध्य अरमेनिया के एरेवान शहर में आयोजित किया जा रहा है।
डीपीएस भिलाई के बारहवी में अध्यनरत रोहित पंडा प्रारंभ से ही मेधावी रहे है। इन्हें विज्ञान में विशेष अभिरूचि रही है। रोहित पंडा ने इससे पूर्व इंडियन डिवीजन के साउथ-ईस्ट एशियन मैथेमैटिक्स ओलंपियाड में सिल्वर मेडल जीतकर भिलाई का नाम रौशन किया है। इसके अतिरिक्त रोहित ने इंटरनेशनल इनफॉरमेटिक्स ओलंपियाड में प्रथम स्थान प्राप्त कर हांगकांग जाने की पात्रता हासिल की। रोहित के इस उपलब्धि पर भिलाई बिरादरी के गणमान्य लोगों ने बधाई दी है।