बीएसपी के कर्मचारियों को कर्म और अधिकारियों को पाली शिरोमणि का मिला अवॉर्ड
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के आईएंडए जोन कर्मचारियों और अधिकारियों को उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया। कर्म एवं पाली शिरोमणि पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह आई एंड ए जोन से उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शित करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को पाली शिरोमणि एवं कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक, इंस्ट्रूमेंटेशन (ऑपरेशन) विजेन्द्र कुमार चौधरी, प्रबंधक सुशील कुमार पाटिल को पाली शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कर्म शिरोमणि पुरस्कार से वरिष्ठ तकनीशियन मोहम्मद एजाज कुरैशी तथा वरिष्ठ तकनीशियन अरुण कुमार चौबे को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (आई एंड ए) असित साहा, महाप्रबंधक प्रभारी (इंस्ट्रूमेंटेशन) संत कुमार केशकर, महाप्रबंधक (इनकॉस) एसके बोस एवं महाप्रबंधक (इंस्ट्रूमेंटेशन) बी. मधु पिल्लई उपस्थित रहे। आईएंडए जोन के विभाग प्रमुख असित साहा ने पुरस्कार विजेताओं को प्रवीणता प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और कर्मचारी के जीवनसाथी के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किया।
उपस्थित सभी अतिथियों ने पुरस्कार विजेताओं के कार्यस्थल में योगदान एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों को सराहा। इस कार्यक्रम का संचालन कार्मिक कार्यालय (शक्ति एवं विद्युत) द्वारा किया गया। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर समारोह के दौरान पुरस्कारों के संचालन और वितरण में सामाजिक दूरी के मानदंडों का पालन किया गया।