बस-आटो में सफर के दौरान मत करना महिलाओं को परेशान, राउरकेला स्टील प्लांट की महिला कार्मिक तोड़ देंगी हडि्डयां श्रीमान
महिला कर्मचारियों के लिए आत्मरक्षा ‘दुर्गा-अपनी रक्षा के लिए अपना बचाव करें’ पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। सेल-राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) की महिला कर्मचारियों के लिए आत्मरक्षा ‘दुर्गा-अपनी रक्षा के लिए अपना बचाव करें’ पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) पी.के.शतपथी ने एचआरडी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एचआरडी) राजश्री बनर्जी और संयंत्र के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सत्र में अधिकारियों सहित कुल 31 महिला कर्मचारियों ने भाग लिया।
ये खबर भी पढ़ें: भिलाई स्टील प्लांट के 31 अधिकारी और 206 कर्मचारी एक साथ रिटायर, बढ़ा काम का दबाव
इस अवसर पर ईडी पीएंडए पीके शतपथी ने आरएसपी की महिला कर्मचारियों को आत्मरक्षा तकनीकों में प्रशिक्षण देने में एचआरडी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी से जीवन में किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए इस कौशल से लैस होने का आग्रह किया। उद्घाटन सत्र का मुख्य आकर्षण विभिन्न स्थितियों में आत्मरक्षा के लिए जैसे: बस से यात्रा करते समय, ऑटो में आने जाने के दौरान, अपहरण के प्रयास के मामले में, सड़क पर या कार्यस्थल पर अप्रत्याशित घटनाओं में काम आने वाले विभिन्न मार्शल आर्ट तकनीकों का प्रदर्शन शामिल था। उत्कल कराटे स्कूल, राउरकेला के राजीव कुमार मुख्य प्रशिक्षक थे।

सत्रों में विभिन्न आत्मरक्षा तकनीक जैसे पंच, किक, स्टांस और ब्लॉक शामिल थे। प्रतिभागियों द्वारा तकनीकों के व्यावहारिक अनुप्रयोग का भी प्रदर्शन किया गया। महा प्रबंधक (एचआरडी) एच.पति के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम आयोजित किया गया और प्रबंधक (एचआरडी) अर्नपूर्णा बेहेरा और प्रबंधक (एचआरडी) बिनीता तिर्की द्वारा संचालन किया गया था।