SAIL के 12015 करोड़ के मुनाफे में कर्मचारियों को नहीं मिला हिस्सा, 50 ग्राम सोने का चाहिए सिक्का
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल ने पिछले 50 सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पहली बार बंपर मुनाफा कमाया है। कोरोना संकट काल में सेल इकाइयों में करीब 400 से ज्यादा कर्मचारियों की जान गई। बावजूद, उत्पादन की रफ्तार को थमने नहीं दिया। कंपनी के हित में कर्मचारी लगातार काम करते रहे। इसका नतीजा भी मिला।
सेल ने पहली बार 12015 करोड़ का शुद्ध मुनाफा कमाया। इसी मुनाफे की हिस्सेदारी कर्मचारी मांग रहे हैं। ऐतिहासिक नतीजे को यादगार बनाने के लिए 50 ग्राम सोने का सिक्का मांगा जा रहा है। सेल चेयरमैन सोमा मंडल को पत्र लिखकर कर्मचारियों के योगदान को याद किया गया और अपना हक मांगा गया है।

भिलाई इस्पात संयंत्र सहित स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (सेल) को वित्तीय वर्ष 2021-2022 में स्थापना काल से आज तक ऐतिहासिक 12,015 करोड रुपए का शुद्ध मुनाफा हुआ है। जिसके तहत इस्पात श्रमिक मंच यूनियन भिलाई ने सेल चेयरमैन को एक ज्ञापन-पत्र आईआर विभाग भिलाई इस्पात संयंत्र के माध्यम से भेजा है। मांग की गई कि इस ऐतिहासिक मुनाफे में कर्मचारियों का हिस्सा उन्हें अवश्य दिया जाए। जिसके अंतर्गत उन्हें पुरस्कार स्वरूप 50 ग्राम सोने का एक सिक्का देने की मांग की है।
इस्पात श्रमिक मंच यूनियन ने सेल चेयरमैन को लिखा है कि वैश्विक महामारी कोरोना काल में सेल के सभी कर्मचारियों ने हिम्मत के साथ कड़ी मेहनत करके उत्पादन को बढ़ाए रखा। जिसके फलस्वरूप स्टील मार्केट में आई मांग को समय पर पूरा किया जा सका। इस ऐतिहासिक लाभ में कंपनी के सभी कर्मचारियों का बेहतरीन योगदान रहा। जिस कारण उन्हें इस ऐतिहासिक लाभ का हिस्सा अवश्य मिलना चाहिए।
इस मौके पर आईआर विभाग के सीनियर मैनेजर रोहित हरित, इस्पात श्रमिक मंच यूनियन के महासचिव राजेश अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष शेख महमूद, उप महासचिव किशोर मराठे, मनोज साहू, तामेश्वर ठाकुर, सचिव रेजी नायर, दीपक सोनी, विनोद दुबे व रूपेंद्र कुमार उपस्थित थे।