चुनाव की तारीख नजदीक आते ही कर्मचारियों में दिखा जबरदस्त उत्साह। रोड शो में केंद्र इस्पात उद्योग के सह-प्रभारी हिमांशु बल भी शामिल।
- 24 सितंबर को सुबह से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
सूचनाजी न्यूज, बर्नपुर। सेल आईएसपी में 24 सितंबर को होने वाले यूनियन चुनाव से पहले रविवार को भारतीय इस्पात कर्मचारी संघ (बीएमएस) की ओर से बर्नपुर में भव्य मेगा रोड शो एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। न्यू टाउन, बर्नपुर, रंगापाड़ा, रिवर बैंक, गुलमोहर सहित सेल आईएसपी के विभिन्न टाउनशिप से बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं बीएमएस कार्यकर्ता इस रैली में शामिल हुए।
रैली के दौरान टाउनशिप में कर्मचारियों का उत्साह और भागीदारी देखने को मिली। बीएमएस की ओर से इसे आगामी चुनाव को लेकर कर्मचारियों के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला बड़ा जनसंपर्क कार्यक्रम बताया गया। आयोजकों के अनुसार, बर्नपुर में किसी ट्रेड यूनियन द्वारा इतनी बड़ी रैली पहले नहीं हुई है।
कर्मचारियों की भागीदारी ने दिया लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति संदेश
बीएमएस के महासचिव संजीत बनर्जी ने कहा कि आज के मेगा रोड शो में कर्मचारियों ने स्वेच्छा से बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव और कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर चल रही कानूनी प्रक्रिया के कारण कर्मचारियों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि आगामी सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में चुनाव से संबंधित सुनवाई के दौरान भारतीय मजदूर संघ मजबूती से आईएसपी कर्मचारियों का पक्ष रखेगा तथा कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करेगा।
बनर्जी ने कहा कि 24 सितंबर का चुनाव कर्मचारियों के लिए लोकतंत्र का महत्वपूर्ण अवसर है और बीएमएस कर्मचारियों से अपील करता है कि वे बड़ी संख्या में मतदान कर अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करे और ऐसी शक्तियां जो हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों की छिनने को कोशिश कर रही उसे उखाड़ फेंके।
भारी संख्या में कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी
मेगा रोड शो में केंद्र इस्पात उद्योग के सह-प्रभारी हिमांशु बल, यूनियन अध्यक्ष अजय सिंह, संजीत प्रसाद, महेश बनर्जी, अमित सिंह, सचिन कुमार, संतोष झा, श्रीकांत साह, महेश कुमार, राजीव कुमार, सहित बीएमएस के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



