एक बार फिर भड़का दुर्गापुर स्टील प्लांट, कर्मचारियों ने सड़क किया जाम, अब ईडी वर्क्स के सामने होगा झाम
सूचनाजी न्यूज, दुर्गापुर। दुर्गापुर स्टील प्लांट के कर्मचारी एक बार फिर भड़क गए। 39 माह के बकाया एरियर सहित तमाम विषयों को लेकर कर्मचारियों ने प्रबंधन और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गेट नंबर-1 के बाहर हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
आक्रोशित कर्मचारियों ने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि जल्द से जल्द फैसला लिया जाए। साथ ही यह भी घोषणा की गई है कि एक सप्ताह के भीतर प्लांट स्थित ईडी वर्क्स कार्यालय को जाम कर दिया जाएगा। प्रबंधन को जगाने के लिए इस तरह से आंदोलन चलाने का दावा किया गया है।

तृणमूल ट्रेड यूनियन डीएसपीएमयू इंटक के सेक्रेटरी जयंता रक्षित के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि सभी के लिए एक संदेश है कि, भविष्य में, यूनियन किसी भी प्रकार के अभाव के खिलाफ एक सतत सीरियल आंदोलन चलाएगा। श्रमिकों की बेहतरी के लिए काम करेगा। जल्द ही ईडी वर्क्स कार्यालय के बाहर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया जएगा ताकि सेल प्रबंधन की आंख खुले।
कर्मचारियों की ये हैं मांग
-सेल कर्मचारियों के अधूरे वेतन समझौता को जल्द पूरा किया। एनजेसीएस यूनियन जिम्मेदारी निभाए।
-मकान किराया भत्ते की तत्काल समीक्षा की जाए।
-एस-12 ग्रेड को तत्काल लागू किया जाना चाहिए।
-3 वर्ष का बकाया तुरंत दिया जाए।
-भत्तों का बकाया तुरंत दिया जाना जाए।
-ग्रेच्युटी सीलिंग को हटाया जाए।
-2012 से 9% पेंशन दी जाए।
-दुर्गापुर स्टील प्लांट में तत्काल मान्यता चुनाव कराया जाए।
-सभी स्थायी एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को क्वार्टरों की बिक्री लीज या लाइसेंस के रूप में तत्काल की जाए।
-FSNL का विनिवेश बंद किया जाना चाहिए।