सेल प्रबंधन ने कर ली बहुत ढिलाई, कर्मचारी बोले-बकाया एरियर, इंसेंटिव और पदनाम से करें भलाई, कल सड़क पर उतरेंगे कर्मी
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। एक जनवरी 2017 से लंबित वेतन समझौता का एमओयू साइन हो चुका है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका। कर्मचारी बकाया एरियर की मांग को लेकर बार-बार गुहार लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर जमकर सेल प्रबंधन को कोसते भी हैं। कर्मचारियों की भावनाओं को देखते हुए मान्यता प्राप्त यूनियन इंटक ने चरणबद्ध तरीके से आंदोलन शुरू किया है। प्रबंधन को आइना दिखाने के लिए काला बिल्ला लगाकर कामकाज किया। अब 17 जून को सड़क पर प्रदर्शन किया जाएगा।
पूर्ण वेतन समझौता में देरी को लेकर बीएसपी कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज किया किया था। स्टील इम्प्लाइज यूनियन इंटक द्वारा सेल के कर्मचारियों के लंबित मुद्दों पर सेल प्रबंधन के खिलाफ भिलाई इस्पात संयंत्र में भारी संख्या में कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज करते हुए कार्य किया। अतिरिक्त महासचिव संजय साहू का कहना है कि सेल प्रबंधन कर्मचारियों के मुद्दे में लगातार देरी कर रहा है।
इसे लेकर कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। सेल कर्मचारियों के मुख्य लंबित मुद्दे नया वेतनमान तत्काल लागू किया जाए। 2017 से लंबित वेतन समझौता को पूर्ण किया जाए। 39 महीने का एरियर जल्द प्रदान किया जाए। ग्रेच्युटी सिलिंग को समाप्त किया जाए। सम्मानजनक पदनाम को जल्द लागू किया जाए। इंसेंटिव स्कीम को रिवाइज कर 10500 रुपया प्रति माह किया जाए।
इंटक पदाधिकारियों ने कहा कि जल्द से जल्द पूर्ण एनजेसीएस की बैठक बुलाकर हमारी मांगों को पूरा किया जाए। इन मांगों को लेकर चरणबद्ध तरीके से इंटक यूनियन आंदोलन कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बोरिया गेट में सुबह 8:00 बजे से 9:00 बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें सभी कर्मचारियों से आह्वान किया गया है कि प्रदर्शन में शामिल हों। इंटक यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य प्रतिनिधि एवं सक्रिय सदस्य मिलकर 17 जून को होने वाले प्रदर्शन में भाग लेंगे।