सेल वेतन समझौता से 35 लाख तक बढ़ी चेयरमैन से सीजीएम तक की आय, जानिए सोमा मंडल संग 23 वरिष्ठ अधिकारियों पर सालाना खर्च
भिलाई स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज अनिर्बान दासगुप्ता पर एक अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 तक 76.67 लाख रुपए खर्च किया गया है। कंपनी सेक्रेटरी एमबी बालाकृष्णन पर 70.66 लाख रुपए खर्च हुआ है।
अज़मत अली, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल का वित्तीय वर्ष 2021-22 का परिणाम घोषित हो चुका है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही कई पुराने रिकॉर्ड भी सामने आने शुरू हो गए हैं। 39 माह के बकाया एरियर की मांग कर रहे कर्मचारी सेल चेयरमैन संग अधिकारियों से जुड़े लेखा-जोखा को सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि वेतन समझौता के बाद अधिकारियों का वेतन 35 लाख रुपए तक बढ़ गए हैं।
पिछले एक साल में किसकी कितनी सैलरी बढ़ी। पीआरपी आदि खर्च के साथ एक साल में कुल कितनी राशि एक अधिकारी पर व्यय हो रही, यह ब्यौरा भी सामने आ गया है। यह आंकड़ा कर्मचारियों के हाथ लगा। इसमें सेल चेयरमैन सोमा मंडल सहित सभी डायरेक्टर इंचार्ज, ईडी संग 23 वरिष्ठ अधिकारियों का सालाना ब्यौरा उपलब्ध है।
सेल सबसे ज्यादा चेयरमैन सोमा मंडल पर खर्च कर रही है। एक साल में 91.74 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। चेयरमैन सोमा मंडल के पास अतिरिक्त कार्यभार के रूप में डायरेक्टर कामर्शियल, डायरेक्टर पर्सनल और डायरेक्टर फाइनेंस का भी कामकाज कुछ समय के लिए रहा है। सोमा मंडल के बाद विश्वेश्वरैया स्टील प्लांट के सीजीएम सुरजीत मिश्र पर सबसे अधिक राशि 87.77 लाख रुपए एक साल में खर्च की गई है।
तीसरे नंबर पर बोकारो स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज अमरेंदु प्रकाश हैं। इनके वेतन आदि पर सेल ने 85.76 लाख खर्च किया है। अमरेंदु प्रकाश बोकारो के डायरेक्टर इंचार्ज के अलावा कुछ समय के लिए राउरकेला, दुर्गापुर, इस्को बर्नपुर और अलॉय स्टील प्लांट का भी कामकाज संभाले थे।
सेलम स्टील प्लांट के ईडी संजीव तनेजा पर एक वित्तीय वर्ष में 78.47 लाख रुपए खर्च किया गया है। भिलाई स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज अनिर्बान दासगुप्ता पर एक अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 तक 76.67 लाख रुपए खर्च किया गया है। वहीं, कंपनी सेक्रेटरी एमबी बालाकृष्णन पर 70.66 लाख रुपए खर्च किए गए हैं।
जानिए वर्षवार आंकड़े
सलाना वेतन-2021 सलाना वेतन-2022
चेयरमैन: 56.81 लाख 91.74 लाख
डायरेक्टर: 51.73 लाख 81.36 लाख
ईडी: 42.21 लाख 83.11 लाख
सीजीएम: 40.46 लाख 50.47 लाख