सेक्टर-9 अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद दोबारा कराया भर्ती, डेंगू, किडनी में संक्रमण, रक्तस्राव का पता चला बाद में, गई जान।
- अंतिम संस्कार मध्य प्रदेश के रीवा में किया जाएगा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के वर्तमान सीपीएफ ट्रस्टी इंद्रमणि प्रसाद मिश्रा (आईपी मिश्रा) के पिता लालमणि प्रसाद मिश्रा का निधन हो गया। वे अपनी पोती के विवाह समारोह में शामिल होने भिलाई आए थे। पैर की हड्डी टूटने के बाद उनका सेक्टर-9 अस्पताल में ऑपरेशन कराया गया था। लंबे समय तक इलाज के बाद सोमवार शाम उनका निधन हो गया। इस मामले में परिजनों ने इलाज की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।
परिवार के अनुसार, 85 वर्षीय लालमणि प्रसाद मिश्रा अपनी पोती के विवाह समारोह में शामिल होने एमपी के रिवा से भिलाई आए थे। रायपुर में 7 मई को विवाह संपन्न हुआ। इसके अगले दिन, 8 मई को पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आर्थोपेडिक विभाग के चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया।
आईपी मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में इलाज के बाद 29 मई को उनके पिता को डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि, डिस्चार्ज के समय उनकी आंखें नहीं खुल रही थीं। परिजनों की चिंता पर चिकित्सकों ने बताया कि दवाओं के प्रभाव के कारण ऐसा हो रहा है और घर ले जाने पर स्थिति सामान्य हो जाएगी।
दोपहर करीब 12 बजे परिजन उन्हें घर लेकर पहुंचे, लेकिन शाम तक उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। आंखें नहीं खुलने और स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए और उन्हें तत्काल दोबारा अस्पताल ले जाया गया। कैजुअल्टी में जांच के बाद उन्हें मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया गया।
आईपी मिश्रा के अनुसार, विस्तृत जांच में डेंगू संक्रमण, किडनी में संक्रमण तथा आंतरिक रक्तस्राव जैसी गंभीर समस्याएं सामने आईं। हालत लगातार बिगड़ती गई और 31 मई की शाम उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
आईपी मिश्रा का कहना है कि यदि आर्थोपेडिक विभाग द्वारा पहले ही आवश्यक जांच कराई गई होती, तो बीमारी की वास्तविक स्थिति समय रहते सामने आ सकती थी। उनका आरोप है कि गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का पता काफी देर से चला, जिसके कारण उपचार में विलंब हुआ।
स्वर्गीय लालमणि प्रसाद मिश्रा अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पांच पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनके पुत्रों में रोहिणी प्रसाद मिश्रा, इंद्रमणि प्रसाद मिश्रा, जीत नारायण मिश्रा और जगनारायण मिश्रा शामिल हैं। सोमवार शाम सेक्टर-9 अस्पताल में उनका निधन हुआ।
उनका अंतिम संस्कार मध्य प्रदेश के रीवा में किया जाएगा। पार्थिव शरीर को भिलाई से रीवा ले जाने की तैयारी की जा रही है। निधन की खबर लगते ही एसएम पांडे, रवि सिंह, शारदा गुप्ता, अनिल सिंह, हरिशंकर चतुर्वेदी, विनोद उपाध्याय, रवि चौधरी, अनिल बिसेन, भुपेंद्र बंजारे, निशुपांडे आदि मौजूद रहे।

