पॉलिसी के तहत अस्पताल में भर्ती, सर्जरी, आईसीयू, दवाइयां, जांच, डायलिसिस, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी आदि की सुविधा मिलेगी।
- योजना के लिए प्रति परिवार 20 हजार रुपये मूल प्रीमियम निर्धारित।
- 18 प्रतिशत जीएसटी जोड़ने के बाद कुल राशि 23,600 रुपये प्रति परिवार होगी।
- कर्मचारी चाहें तो वेतन से दो किस्तों में कटौती के माध्यम से या डिमांड ड्राफ्ट/बैंकर चेक के जरिए भुगतान कर सकते हैं।
सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। सेल के राउरकेला स्टील प्लांट (आरएसपी) प्रबंधन ने कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए स्वैच्छिक ग्रुप मेडिक्लेम पॉलिसी (GMP) शुरू करने की घोषणा की है। स्टील एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (SEWA) की ओर से लागू की जा रही यह योजना अधिकारियों और गैर-अधिकारियों दोनों के लिए उपलब्ध होगी। पॉलिसी का संचालन द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
योजना के तहत एक परिवार को 5 लाख रुपये तक का मेडिकल कवरेज मिलेगा। यह फैमिली फ्लोटर योजना होगी, जिसमें कर्मचारी, जीवनसाथी, बच्चे तथा माता-पिता या सास-ससुर को शामिल किया जा सकेगा।
23 जून तक कर सकेंगे आवेदन
योजना में शामिल होने के इच्छुक कर्मचारियों को 4 जून से 23 जून 2026 तक आरएसपी पोर्टल के Employee Zone के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। संयंत्र से बाहर कार्यरत कर्मचारी Employee Zone Portal या RSP Karmi Mitra App के जरिए भी आवेदन कर सकेंगे।
पहले दिन से मिलेगी कई बीमारियों की सुविधा
मेडिक्लेम योजना की खास बात यह है कि इसमें पहले दिन से ही कई सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। कर्मचारियों को पूर्व से मौजूद बीमारियों (Pre-existing Diseases), विशेष प्रतीक्षा अवधि वाली बीमारियों तथा सामान्य 30 दिन की वेटिंग पीरियड वाली बीमारियों का भी लाभ मिलेगा।
कैशलेस इलाज की सुविधा
योजना के तहत नेटवर्क अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जबकि देशभर के पंजीकृत अस्पतालों में इलाज कराने पर प्रतिपूर्ति (Reimbursement) का लाभ भी मिलेगा। इसके लिए Medi-Assist TPA को थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया गया है।
मातृत्व लाभ भी शामिल
पॉलिसी में मातृत्व लाभ को भी शामिल किया गया है। सामान्य प्रसव के लिए 40 हजार रुपये तथा सिजेरियन डिलीवरी के लिए 60 हजार रुपये तक की सहायता मिलेगी। हालांकि इसके लिए नौ माह की वेटिंग अवधि लागू होगी।
कितना देना होगा प्रीमियम
योजना के लिए प्रति परिवार 20 हजार रुपये मूल प्रीमियम निर्धारित किया गया है। 18 प्रतिशत जीएसटी जोड़ने के बाद कुल राशि 23,600 रुपये प्रति परिवार होगी। कर्मचारी चाहें तो वेतन से दो किस्तों में कटौती के माध्यम से या डिमांड ड्राफ्ट/बैंकर चेक के जरिए भुगतान कर सकते हैं।
इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ
पॉलिसी के तहत अस्पताल में भर्ती, सर्जरी, आईसीयू, दवाइयां, जांच, डायलिसिस, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, एंबुलेंस सेवा, अंगदाता अस्पताल व्यय तथा आयुष उपचार जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा 30 दिन की प्री-हॉस्पिटलाइजेशन और 60 दिन की पोस्ट-हॉस्पिटलाइजेशन सुविधा भी उपलब्ध होगी।
कुछ उपचार रहेंगे योजना से बाहर
कॉस्मेटिक सर्जरी, मोटापा उपचार, बांझपन उपचार, मानसिक रोगों के कुछ उपचार, नशे से जुड़ी बीमारियां, एचआईवी/एड्स संबंधी उपचार, भारत के बाहर उपचार और कुछ अन्य श्रेणियां पॉलिसी के दायरे से बाहर रखी गई हैं।
आरएसपी प्रबंधन का मानना है कि यह योजना कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगी तथा आकस्मिक चिकित्सा खर्चों के दौरान आर्थिक राहत देने में मददगार साबित होगी।

