कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने तथा उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम को पुनः प्रारंभ किया जाए।
- स्टील एम्प्लाइज यूनियन (इंटक) की कार्यकारिणी की बैठक में बीएसपी कर्मचारियों के मुद्दों पर चर्चा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील एम्प्लाइज यूनियन (इंटक) की कार्यकारिणी की बैठक यूनियन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए महासचिव संजय कुमार साहू ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा मार्च 2026 में इंटक यूनियन की मांग पर कर्मचारियों के लिए नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम प्रारंभ की गई थी। इस योजना के अंतर्गत सभी विभागों के लिए निर्धारित राशि तय की गई थी तथा उत्पादन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के आधार पर विभागों को राशि भी स्वीकृत की गई।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत राशि स्वीकृत होने के बावजूद आज तक कर्मचारियों को मिलने वाला गिफ्ट वितरित नहीं किया गया है। इंटक यूनियन ने मांग की है कि कर्मचारियों को नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम के अंतर्गत मिलने वाला गिफ्ट शीघ्र प्रदान किया जाए।
कार्यकारिणी की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने तथा उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम को पुनः प्रारंभ किया जाए। इस संबंध में इंटक यूनियन शीघ्र ही भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन को ज्ञापन सौंपेगी।
39 माह के एरियर के भुगतान एवं नई वेज कमेटी
निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो इंटक यूनियन प्रदर्शन करेगी। कार्यकारिणी ने मांग की कि सेल प्रबंधन जल्द से जल्द एनजेसीएस की बैठक बुलाकर 1 जनवरी 2017 से लंबित वेतन समझौते को पूर्ण करे तथा 1 जनवरी 2027 से प्रस्तावित वेतन समझौते के लिए नई वेज कमेटी का तत्काल गठन करे। बैठक में कहा गया कि सेल प्रबंधन के अड़ियल रवैये से कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है और प्रबंधन को इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
मंथली इंसेंटिव स्कीम का शीघ्र हो पुनरीक्षण
महासचिव संजय कुमार साहू ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र की मंथली इंसेंटिव स्कीम का अंतिम पुनरीक्षण वर्ष 2007 में किया गया था। उस समय संयंत्र की लेबर प्रोडक्टिविटी 223 टन प्रति व्यक्ति हॉट मेटल थी, जबकि वर्तमान में यह बढ़कर 450 टन प्रति व्यक्ति हॉट मेटल से अधिक हो गई है। उत्पादन क्षमता में हुई उल्लेखनीय वृद्धि को देखते हुए बीएसपी प्रबंधन को मंथली इंसेंटिव स्कीम के पुनरीक्षण हेतु तत्काल कमेटी का गठन करना चाहिए।
बैठक में गिरिराज देशमुख, सुरेश, श्याम कुंवर, विश्वनाथ सिंह साहू, शिव शंकर सिंह, रेशम राठौर, ताम्रध्वज सिन्हा, सी.पी. वर्मा, एस.बी. सिंह, राजकुमार, दीनानाथ सिंह सार्वा, डी.पी. खरे, राजकुमार नायर तथा आनंद खालरकर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।

