RSP Union Election 2026: कार्यकाल खत्म होगा दिसंबर में, INTUC का मुख्य श्रम आयुक्त को पत्र, समय पर कराएं चुनाव
राउरकेला स्टील प्लांट में यूनियन मान्यता चुनाव की तैयारी शुरू। राउरकेला स्टील प्लांट में वर्तमान यूनियन का मान्यता कार्यकाल 13 दिसंबर 2026 को पूरा होगा। INTUC संबद्ध राउरकेला श्रमिक संघ ने मुख्य श्रम आयुक्त से सीक्रेट बैलेट चुनाव कराने की मांग की।
सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। राउरकेला स्टील प्लांट (RSP) में ट्रेड यूनियन की मान्यता को लेकर चुनावी हलचल शुरू हो गई है। वर्तमान मान्यता प्राप्त यूनियन का दो साल का कार्यकाल पूरा होने से ठीक एक माह पहले ही INTUC से संबद्ध राउरकेला श्रमिक संघ ने नए मान्यता चुनाव कराने की मांग उठा दी है। संघ ने मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय), नई दिल्ली को पत्र लिखकर सीक्रेट बैलेट (गुप्त मतदान) के माध्यम से चुनाव कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की अपील की है।
13 दिसंबर को कार्यकाल खत्म हो रहा। 2 साल का कार्यकाल खत्म होने से एक माह पहले ही मांग कर दी गई है। इंटक राउरकेला इस्पात संयंत्र में 8 चुनाव जीत चुका है। इससे पहले बिना चुनाव के 28 साल तक एचएमएस मान्यता में थी। हाईकोर्ट तक लड़ाई के बाद आरएसपी में चुनाव शुरू हुआ था। इंटक का दो गुट भी हुआ। इसी बीच बीएमएस 2014 और 2017 में जीती। इंटक को पहली बार 1989 में मान्यता प्राप्त यूनियन का दर्जा मिला। 1995 में चुनाव जीता। फिर, 1997, 2000, 2003, 2010, 2022, 2024 में जीत नसीब हुई थी।
राउरकेला श्रमिक संघ के महासचिव पीके बेहरा ने क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय), राउरकेला कार्यालय को पत्र सौंपा है। राउरकेला स्टील प्लांट में वर्तमान मान्यता प्राप्त यूनियन का दो साल का कार्यकाल 13 दिसंबर 2026 को पूरा होने जा रहा है। ऐसे में नई मान्यता के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत गुप्त मतदान से चुनाव कराने की मांग की गई है।
8500 नियमित कर्मचारियों को अपनी यूनियन चुनने का अधिकार
इंटक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि राउरकेला स्टील प्लांट, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की इकाई है। यहां करीब 8500 नियमित कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से अपनी मान्यता प्राप्त यूनियन चुनने का अधिकार है।
राउरकेला श्रमिक संघ का कहना है कि यह पंजीकृत ट्रेड यूनियन 1 अक्टूबर 1988 से राउरकेला स्टील प्लांट में सक्रिय है। संघ ने 1995 से 2024 तक संयंत्र में मान्यता के लिए आयोजित सभी चुनावी प्रक्रियाओं में भाग लिया है।
औद्योगिक अशांति से बचने के लिए समय रहते चुनाव कराने की मांग
मुख्य श्रम आयुक्त को भेजे गए पत्र में संघ ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया है कि चुनावी प्रक्रिया समय रहते शुरू की जाए। मान्यता का कार्यकाल समाप्त होने से पहले नई यूनियन चुनने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। संघ का तर्क है कि बहुमत वाली ट्रेड यूनियन का निर्धारण गुप्त मतदान से होना चाहिए, ताकि कर्मचारियों की वास्तविक पसंद सामने आ सके और औद्योगिक अशांति की स्थिति पैदा न हो। अब देखना होगा कि श्रम विभाग इस मांग पर कब पहल करता है और राउरकेला स्टील प्लांट में अगली मान्यता प्राप्त यूनियन चुनने के लिए चुनावी प्रक्रिया कब शुरू होती है।