SAIL JM 2026 Promotion Exam Cancelled: बोकारो में धांधली, सजा पूरे सेल कर्मचारियों को, अधिकारी की कुर्सी अभी दूर…

SAIL की JM-2026 परीक्षा रद्द। कर्मचारी बोले-हमारा क्या कसूर? बोकारो के एक परीक्षा केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिलने की चर्चा, जांच रिपोर्ट के बाद JM-2026 की CBT रद्द। BSP, BSL, ISP, DSP, RSP समेत सभी यूनिट के कर्मचारियों में मायूसी।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। किसी ने महीनों मेहनत की, किसी ने नौकरी और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच पढ़ाई के लिए वक्त निकाला, तो किसी ने कर्मचारी से अधिकारी बनने का सपना आंखों में संजो रखा था। लेकिन सेल प्रबंधन के एक फैसले ने हजारों कर्मचारियों की उम्मीदों पर फिलहाल पानी फेर दिया है। जूनियर मैनेजर (JM-2026) प्रमोशन परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब कर्मचारी से अधिकारी बनने के लिए उन्हें फिर इंतजार करना होगा।

शुक्रवार शाम को सेल कॉरपोरेट ऑफिस, नई दिल्ली से जारी सर्कुलर ने कर्मचारियों को बड़ा झटका दिया। 5 जुलाई 2026 को सभी परीक्षा केंद्रों पर आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) को प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए निरस्त कर दिया गया। फ्रेश एग्जामिनेशन अथवा री-एग्जामिनेशन की तारीख अलग से घोषित करने की बात कही गई है।

ये खबर भी पढ़ें: SAIL JM 2026 की परीक्षा कैंसिल, री-एग्जाम में इन कर्मचारियों को ही मौका

सेल कर्मियों का कहना है कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर किसी परीक्षा केंद्र पर गड़बड़ी हुई है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की तय होनी चाहिए। फिर उन कर्मचारियों को दोबारा परीक्षा और प्रमोशन के इंतजार की सजा क्यों मिले, जिन्होंने पूरी ईमानदारी से परीक्षा दी थी? कर्मचारियों के बीच यही नाराजगी चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी जुबां पर एक ही सवाल है-पाप किसी ने किया और सजा हजारों निर्दोष कर्मचारियों को क्यों मिल रही है?

बोकारो सेंटर पर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की चर्चा, जांच के बाद रद्द हुई परीक्षा

कर्मचारी वर्ग में चर्चा है कि बोकारो के एक परीक्षा केंद्र पर दो अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर पहुंचे थे। इसकी शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। बताया जा रहा है कि विजिलेंस सहित संबंधित जांच कमेटियों की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, सेल के 13 नवंबर के आधिकारिक सर्कुलर में परीक्षा रद्द करने का कारण केवल प्रशासनिक बताया गया है। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या कथित धांधली का उसमें स्पष्ट उल्लेख नहीं है।

ऐसे में कर्मचारियों की मांग है कि प्रबंधन पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे। यदि किसी ने परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने की कोशिश की है तो संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

ये खबर भी पढ़ें: SAIL BSL: EPS 95 अंशदान में गलत जमा हुआ ₹3.58 करोड़, उच्च पेंशन के निरस्त केस का ₹24.50 लाख करें वापस, ईपीएफओ को SEFI ने घेरा

2022 में भी परीक्षा रद्द होने का मामला, फिर बोकारो चर्चा में

सेल कर्मचारियों के बीच वर्ष 2022 की प्रमोशन परीक्षा रद्द होने का मामला भी फिर चर्चा में आ गया है। उस समय भी बोकारो में परीक्षा से जुड़ी कथित गड़बड़ी सामने आने के बाद परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी।

बताया जाता है कि उस प्रकरण में परीक्षा केंद्र पर कुछ अभ्यर्थियों ने ओएमआर शीट खाली जमा की थी, लेकिन परिणाम में उनके पास होने की बात सामने आई। तत्कालीन CGM (HR) पवन कुमार ने मामले को पकड़ा था। सेल कारपोरेट आफिस ने जांच कराई थी। जांच के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया था।

इसके बाद परीक्षा प्रक्रिया को ऑनलाइन CBT के माध्यम से संचालित करने की व्यवस्था शुरू हुई। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा से पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। लेकिन इस बार इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से जुड़ी कथित शिकायतों ने फिर पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये खबर भी पढ़ें: Sector 6 Society Election: झूठा प्रचार करने वाले पूरे पैनल को बृज बिहारी मिश्र का कानूनी नोटिस, स्टे से ₹1.31 करोड़ तक का ये हिसाब

2010 बैच के कर्मचारियों को छह महीने का नुकसान

परीक्षा रद्द होने का असर सिर्फ मानसिक निराशा तक सीमित नहीं है। इसका सीधा आर्थिक असर भी कर्मचारियों पर पड़ने की आशंका है। कर्मचारियों के बीच चर्चा है कि यदि परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ती और समय पर परिणाम एवं अधिकारी बन जाते तो वर्ष 2010 बैच के कर्मचारियों को जून से ज्वाइनिंग का लाभ मिल सकता था। अब नवंबर में परीक्षा रद्द होने के बाद पूरी प्रक्रिया नए सिरे से चलेगी। ऐसे में दिसंबर से अथवा उसके बाद की ज्वाइनिंग की संभावना जताई जा रही है।

इससे कर्मचारियों को करीब छह महीने के आर्थिक लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। वहीं, समय पर पदोन्नति और उच्च वेतनमान का लाभ मिलने की उनकी उम्मीद भी आगे खिसक गई है। यहां एक और सवाल उठ रहा है कि यदि पहले की निर्धारित समयसीमा के अनुसार पदोन्नति हो जाती तो कर्मचारियों को मिलने वाले आर्थिक लाभ का हिसाब अलग होता। अब देरी का बोझ आखिर किस पर पड़ेगा?

ये खबर भी पढ़ें: BSP Sector 9 Hospital: सीएमओ डॉ. संबिता पंडा को ED मेडिकल की जिम्मेदारी, पढ़ें बोकारो से भिलाई तक का सफर

BSP से लेकर RSP और ISP तक कर्मचारियों में मायूसी

सेल की इस परीक्षा में भिलाई, बोकारो, राउरकेला, दुर्गापुर, इस्को बर्नपुर, सेलम, विश्वेश्वरैया आयरन एंड स्टील प्लांट और खदान इकाइयों के कर्मचारी भी जुड़े हुए हैं। परीक्षा रद्द होने का फैसला किसी एक यूनिट तक सीमित नहीं रहा। इसका असर उन सभी कर्मचारियों पर पड़ा है, जो कर्मचारी कैडर से अधिकारी कैडर में जाने की तैयारी कर रहे थे। कई कर्मचारियों के लिए यह पदोन्नति सिर्फ पद बदलने का अवसर नहीं, बल्कि वर्षों की सेवा के बाद करियर में आगे बढ़ने का बड़ा मौका था।

ये खबर भी पढे़: SAIL News: अब तक के 9 वेतन समझौते क्या गैर-कानूनी थे...?

आरोपियों पर कार्रवाई कब? ईमानदार अभ्यर्थियों को राहत कौन देगा

सेल कर्मचारियों के बीच अब दो मांगें जोर पकड़ रही हैं। पहली, यदि किसी परीक्षा केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या अन्य माध्यम से अनुचित गतिविधि हुई है तो दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। दूसरी, जिन कर्मचारियों ने पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से परीक्षा दी, उनके हितों को सुरक्षित रखने के लिए प्रबंधन कोई ठोस रास्ता निकाले।

सवाल यह भी है कि क्या किसी एक केंद्र की कथित गड़बड़ी के कारण पूरे सेल की परीक्षा प्रक्रिया को निरस्त करना ही एकमात्र विकल्प था? क्या जांच के आधार पर दोषियों को अलग करके बाकी अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करने की कोई व्यवस्था संभव नहीं थी? फिलहाल नई परीक्षा की तारीख घोषित नहीं हुई है। कर्मचारी एक बार फिर किताबें खोलने और परीक्षा की तैयारी में जुटने को मजबूर होंगे। कर्मचारियों की मेहनत पर पानी फेरने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए, न कि ईमानदारी से परीक्षा देने वालों के प्रमोशन का रास्ता बार-बार रोका जाना चाहिए।