भिलाई पावर हाउस ओवरब्रिज से गिरकर युवती की मौत, आत्महत्या या हादसा? जांच में जुटी छावनी पुलिस

पुलिस इस बात की बारीकी से तफ्तीश कर रही है कि बीमारी के कारण आए झटके की वजह से वह पुल से नीचे गिरी या उसने खुदकुशी का कदम उठाया।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई के पावर हाउस ओवरब्रिज से गिरकर एक 21 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। युवती की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है, लेकिन यह आत्महत्या है या कोई हादसा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची छावनी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बीमारी से जूझ रही थी मृतका

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृत युवती की पहचान शिवाजी नगर, खुर्सीपार निवासी पूनम अहिरवार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पूनम पिछले काफी समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही थी। उसे अक्सर अचानक झटके (दौरे) आते थे, जिसके इलाज के लिए वह पिछले 15 दिनों से हॉस्पिटल में भी भर्ती थी।

ये खबर भी पढ़ें: SAIL WoW Days: ऑनलाइन ट्रेनिंग पूरी करने पर WoW डे, SAIL का नया आदेश, जानिए कितने घंटे की पढ़ाई पर मिलेगी छुट्टी

टहलने निकली थी, घर नहीं लौटी

परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह पूनम रोज की तरह घर से टहलने के लिए निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिवार के लोग उसकी खोजबीन में जुट गए। इसी बीच पुलिस ने परिजनों को ओवरब्रिज के पास हुए इस हादसे और पूनम की मौत की खबर दी।

ये खबर भी पढ़ें: SAIL वित्त वर्ष 2026-27 की तिमाही-छमाही रिज़ल्ट: मुनाफे में BSP टॉप पर, BSL दूसरे, RSP तीसरे नंबर पर, 10 हजार करोड़ प्रॉफिट की राह पर सेल

जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल पर मौजूद लोगों और पुलिस के अनुसार, युवती ओवरब्रिज से नीचे सड़क पर आ गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस इस बात की बारीकी से तफ्तीश कर रही है कि बीमारी के कारण आए झटके की वजह से वह पुल से नीचे गिरी या उसने खुदकुशी का कदम उठाया। छावनी पुलिस मर्ग कायम कर मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

ये खबर भी पढ़ें: SAIL Financial Results H1 FY 27: सेल के मुनाफे में 315% का उछाल, कर्ज घटकर ₹20,583 करोड़ पर आया; जानिए CMD क्या बोले...