- डॉ. विनीता द्विवेदी ने एसोसिएशन की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि प्रमुख मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। Bhilai Steel Plant (बीएसपी) के मेडिकल विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं को लेकर एक्स-ऑफिसर्स एसोसिएशन ने पहल तेज कर दी है। मंगलवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विनीता द्विवेदी से मुलाकात कर अस्पताल सेवाओं में सुधार से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
एसोसिएशन की टीम में अध्यक्ष एसआर दास, महासचिव जेबी पाटिल और उपाध्यक्ष आरबी गुप्ता शामिल थे। बैठक का माहौल सकारात्मक रहा और सीएमओ ने प्रमुख समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे
- सेक्टर-9 अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्हीलचेयर और सहायक की सुविधा जारी रखने की मांग
- भीड़ और लंबी कतारों से बचने के लिए ऑनलाइन ओपीडी अपॉइंटमेंट सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव
- गैस्ट्रो, यूरोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की मांग
- गैस्ट्रो ओपीडी (डॉ. जीवन लाल) के दिन 2 से बढ़ाकर 3 करने और समय बढ़ाने का सुझाव
- जरूरतमंद दंपत्तियों को एक ही अपॉइंटमेंट में संयुक्त परामर्श की अनुमति देने की मांग
- नियमित दवाइयों को एक बार में 2 महीने तक जारी करने का प्रस्ताव
- सामान्य ओपीडी में रिपीट दवाओं के लिए मरीज की अनिवार्य उपस्थिति में छूट देने की मांग
- बुजुर्ग और अस्वस्थ मरीजों के लिए अस्पताल परिसर में विश्राम कक्ष की व्यवस्था
- अस्पताल कैंटीन में लंबी कतारों को देखते हुए काउंटर बढ़ाने और मेन्यू सुधार की जरूरत
मेडिकल इंचार्ज से सकारात्मक संकेत
सीएमओ डॉ. विनीता द्विवेदी ने एसोसिएशन की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि प्रमुख मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक को बीएसपी के चिकित्सा सेवाओं में सुधार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.आर. दास ने बताया कि उनका उद्देश्य कर्मचारियों, पूर्व अधिकारियों और आम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, और इस दिशा में वे आगे भी प्रयास जारी रखेंगे।













