Bhilai Township: कब्जेदारों पर टूट पड़ा बीएसपी इन्फोर्समेंट डिपार्टमेंट, 3 अवैध मकान, बाउंड्री, कई शेड, गैरेज ध्वस्त

BSP Enforcement Department Cracks Down on Encroachers, Demolishes 3 illegal Houses Boundary walls Several Sheds and Garages
  • बीएसपी इन्फोर्समेंट विभाग द्वारा अवैध कब्जेदारों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट के इंफोर्समेंट डिपार्टमेंट ने भिलाई टाउनशिप में कब्जेदारों के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है। सेक्टर 7 में उन गैरेजों और अवैध शेडों को ढहा दिया गया, जहाँ टेंट, फल एवं केटरिंग व्यवसाय की सामग्रियाँ रखकर लोग अवैध कब्जा कर लिए थे। ढहाने के पूर्व क्षेत्र में सूचना देते हुए, क्षेत्र खाली करने सचेत किया गया था। बाद में, स्ट्रक्चर ढहाते हुए लगभग 2000 वर्गफीट भूमि खाली करायी गई।

इसी तरह नेवई के पाँड़ेपारा क्षेत्र में ईंटो से बनाए जा रहे 3 अवैध मकानों के स्ट्रक्चर ढहा दिए गए। दो तरफ की बाउण्ड्री भी ढहाई गई। कब्जेदारों द्वारा, लगभग 20000 हजार वर्गफीट दायरे में, सुनियोजित रूप से अवैध प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। उन्हें, आगाह कर दिया गया है कि शेष निर्माण कार्य वे स्वयं हटा लें, अन्यथा उनके ऊपर आगे की कारवाई की जाएगी।

इस कार्य में नेवई थाने के पुलिस बल का पूर्ण सहयोग मिला। सहायक महाप्रबन्धक (प्रवर्तन) रेमी थॉमस के नेतृत्व में टीम के उप प्रबन्धक (प्रवर्तन) मुकुन्द दास मानिकपुरी, सम्पदा निरीक्षकों राममूर्ति, रमाकान्त यादव, भगवान, बलराम शुक्ला, अजय मिश्रा, कुद्बुद्दीन कुरैशी, पुरुष एवं महिला गार्ड्स द्वारा यह कार्याभियान सफल किया गया।

बीएसपी भूमि पर अवैध कब्जे एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध इसी प्रकार कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से अपील की जा रही है कि बीएसपी भूमि पर अवैध कब्जा कराने वाले तथाकथित बिचौलियों के झांसे में न आएं। अन्यथा उन्हें भी भारी आर्थिक नुकसान सहन पड़ सकता है।