BSP Fire Update: रात 12.30 बजे तक धधकता रहा SMS 2, हॉट मेटल प्रोडक्शन पर संकट, करोड़ों का नुकसान, जला कर्मचारियों का लॉकर

BSP Fire Update SMS 2 Continues to Burn Until Midnight Hot Metal Production to be Halted
  • आग पर काबू पाने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
  • अनुमान है कि करोड़ों रुपए का नुकसान सेल बीएसपी को हो चुका है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई इस्पात संयंत्र में सोमवार रात करीब पौने 10 बजे लगी आग को काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रात 12 बजे तक आग धधकती रही। केबिल में आग लगने से बिजली गुल है। इस वजह से यहां आग बुझाने में खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों के लिए बनाए गए लॉकर को भी आग ने चपेट में ले लिया। कर्मचारियों का सामान जलकर खाक हो गया है। आग बुझाने के लिए कई लॉकर को तोड़ने भी पड़े।

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के भिलाई स्टील प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 के तीनों कन्वर्टर में आग लगी। जमीन पर बिखरे हॉट मेटल को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि कन्वर्टर से हॉट मेटल गिरने की वजह से हादसा हुआ है।

काफी दूर तक हॉट मेटल जमीन पर बिखरा हुआ है। इसकी जद में आने से केबिल जला। देखते ही देखते केबिल में आग का दायरा तेजी से फैल गया। लगातार ब्लास्ट होने की आवाज आती रही। अफरा-तफरी का माहौल बना।

आग पूरी तरह से बुझने के बाद ही नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकेगा। कहां-कितना नुकसान हुआ, यह सुबह तक स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, हॉट मेटल का प्रोडक्शन डाउन करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

एसएमएस 2 के कन्वर्टर नंबर 2 में पहले आग लगी थी,जिसकी लपटों से कन्वर्टर 1 और 3 भी जल गए। यही वजह है कि ब्लास्ट फर्नेस से यहां आने वाले हॉट मेटल को एसएमएस 3 भेजने की तैयारी है, ताकि नुकसान की भरपाई कुछ हद तक की जा सके।

वहीं, ब्लास्ट फर्नेस को डाउन करके हॉट मेटल को तैयार करने की प्रक्रिया की रफ्तार को धीमा किया जा सकता है। अगर, ओपन टॉप लेडल लगाया गा तो पिग आयरन बनाया जाएगा, वरना टारपिडो से एसएमएस 3 में हॉट मेटल भेजा जा सकता है।

इधर-एसएमएस 2 में आग की वजह से बिजली गुल है। इसको बहाल करने के लिए आग बुझने का इंतजार किया जा रहा है। आग पर काबू पाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, अनुमान लगाया जा रहा है कि करोड़ों रुपए का नुकसान सेल बीएसपी को हो चुका है।