प्रिय रंजन 2029 तक रहेंगे बोकारो स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज, पढ़ें ISP से BSL तक का सफर

Priya Ranjan will Remain the Director-in-Charge of Bokaro Steel Plant till 2029 Read the Details
  • 31 दिसंबर 2029 में रिटायरमेंट है। अगस्त से बतौर ईडी वर्क्स बीएसएल में कामकाज संभाल रहे थे। कैबिनेट ने डीआइसी चयन पर मुहर लगाई।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के बोकारो स्टील प्लांट की बागडोर डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन के हाथों में साल 2029 तक रहेगी। 4 साल तक बीएसएल के डीआइसी के रूप में कार्य करेंगे। 31 दिसंबर 2029 में रिटायरमेंट है। अगस्त से बतौर ईडी वर्क्स बीएसएल में कामकाज संभाल रहे थे। कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है।

स्टील उद्योग के प्रतिष्ठित एवं अनुभवी अधिकारी प्रिया रंजन वर्तमान में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अंतर्गत बोकारो स्टील प्लांट में कार्यकारी निदेशक (वर्क्स) के पद पर सेवाएं दे रहे थे। अब डीआइसी का चार्ज आज लेंगे। सेल में तीन दशकों से अधिक के अपने गौरवशाली करियर के दौरान उन्होंने संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहकर उल्लेखनीय योगदान दिया है।

प्रिय रंजन इससे पूर्व सेल के कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली में कार्यकारी निदेशक (ऑपरेशंस) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा तकनीकी संचालन, उत्पादन योजना तथा कॉर्पोरेट रणनीति जैसे अहम क्षेत्रों में उन्होंने नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाईं।

धातुकर्म (Metallurgy) में बी.ई./बी.टेक की डिग्री और प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त प्रिय रंजन ने तकनीकी दक्षता और सशक्त प्रबंधकीय कौशल का प्रभावी समन्वय किया है। उन्होंने वर्ष 1994 में इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर (आईएसपी) के स्टील मेल्टिंग शॉप में जूनियर मैनेजर के रूप में सेल में अपने करियर की शुरुआत की थी।

इसके बाद सहायक प्रबंधक, उप प्रबंधक, प्रबंधक, वरिष्ठ प्रबंधक और महाप्रबंधक जैसे विभिन्न दायित्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए वे वर्तमान नेतृत्वकारी पद तक पहुंचे।

अपने करियर के दौरान श्री रंजन ने इस्पात निर्माण प्रक्रियाओं, संयंत्र संचालन और संगठनात्मक दक्षता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी पेशेवर रुचि परिचालन उत्कृष्टता को बढ़ावा देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और दीर्घकालिक रणनीतिक लक्ष्यों के अनुरूप उत्पादन को सशक्त करने में केंद्रित रही है।

प्रतिबद्धता, ईमानदारी और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए पहचाने जाने वाले प्रिया रंजन सेल की भारत के इस्पात क्षेत्र और औद्योगिक विकास में भूमिका को और मजबूत करने में निरंतर योगदान दे रहे हैं।