IISCO Steel Plant की क्वालिटी सर्किल टीमों ने जीते 10 अवॉर्ड

Quality Circle Teams of IISCO Steel Plant Win 10 Awards
  • आईएसपी की क्वालिटी सर्कल एवं लीन क्वालिटी सर्कल टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

सूचनाजी न्यूज, बर्नपुर। सेल-इस्को स्टील प्लांट की क्वालिटी सर्किल टीमों ने 39वें नेशनल कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया। यह राष्ट्रीय सम्मेलन क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया के दिल्ली, लखनऊ एवं ग्वालियर चैप्टर्स द्वारा 19 से 22 दिसंबर 2025 तक ग्रेटर नोएडा स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में आयोजित किया गया था।

इस वर्ष सम्मेलन का विषय “आत्मनिर्भर विकसित भारत के लिए गुणवत्ता अवधारणाएँ” रहा। देशभर से 650-700 से अधिक संगठनों का प्रतिनिधित्व करते हुए 12,000 से अधिक प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया।

क्वालिटी सर्कल टीमों में कर्मचारियों के छोटे समूह शामिल होते हैं, जो अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सुधार, समस्या समाधान तथा संयंत्र की गुणवत्ता उन्नयन के लिए स्वैच्छिक परियोजनाओं पर कार्य करते हैं।

आईएसपी की सभी 10 प्रतिभागी टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 7 ‘पार एक्सीलेंस’ एवं 3 ‘एक्सीलेंस’ पुरस्कार अर्जित किए।

ब्लास्ट फर्नेस की टीम “ब्रेनिएक्स”, कोक ओवन की टीम “ध्येय”, इंस्ट्रूमेंटेशन की टीम “सिनर्जी”, ई एम डी की टीम “समर्थ”, रिफ्रैक्टरीज़ की टीम “अग्नेय”, ऑपरेशन गैरेज की टीम “काइज़ेन क्रू” तथा शॉप्स की टीम “सशक्त” को पार एक्सीलेंस पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

वहीं कोक ओवन की टीम “ओजस”, एच आर की टीम “आरोहण” और ई टी एल की टीम “विश्वास” ने एक्सीलेंस पुरस्कार प्राप्त किया।

इस्को स्टील प्लांट का बिजनेस एक्सीलेंस एवं आईई विभाग कर्मचारियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु क्वालिटी सर्कल की अवधारणा को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। यह उपलब्धि आई एस पी में गुणवत्ता, नवाचार और कर्मचारी सहभागिता की मजबूत संस्कृति को दर्शाती है।