रेल मिल के पास साइकिल सवार 29 वर्षीय ठेका मजदूर जख्मी हालत में मिला। सेक्टर 9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। अंदरुनी चोट लगी है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के भिलाई स्टील प्लांट का ठेका मजदूर जख्मी हो गया है। साइकिल से जाते समय रेल मिल में वह गिर पड़ा। किसी वाहन ने ठोकर मारी या अनियंत्रित होकर गिरा, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
जख्मी हालत में मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां से सेक्टर 9 हॉस्पिटल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मजदूर दर्द से काफी तड़प रहा था। बहुत बेचैन था। हाथ-पैर पटक रहा था। चिकित्सकों ने जांच-पड़ताल करते ही आइसीयू में भर्ती किया है।
बीएसपी कार्मिकों के अनुसार आरईडी में कार्यरत 29 वर्षीय ठेका मजदूर अजीत कुमार साइकिल से जा रहे थे। रेल मिल के पास वह गिरे। चेहरे, सिर और छाती में चोट लगी है। खबर लगते ही बीएसपी के विभागीय अधिकारी और कर्मचारी सेक्टर 9 हॉस्पिटल पहुंच गए थे। घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मजदूर आइसीयू में है। इसलिए बहुत ज्यादा डिटेल बाहर नहीं आ सका है। मजदूर के परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके हैं।


