एसईसीएल के रायगढ़ क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक, गेवरा क्षेत्र में महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) के रूप में कार्य कर चुके हैं।
- करियर की शुरुआत वर्ष 1989 में कोल इंडिया लिमिटेड में माइनिंग इंजीनियर के रूप में की।
- वेकोलि एवं साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में लंबा कार्य अनुभव।
सूचनाजी न्यूज, नागपुर। डॉ. हेमंत शरद पांडे ने वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वेकोलि के निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, विभागाध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
डॉ. हेमंत शरद पांडे को वेकोलि तथा एसईसीएल में 37 वर्षों का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। सीएमडी का पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे वेकोलि में निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन में अनेक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं डिजिटल सुधारों को गति दी।
निदेशक (मानव संसाधन) तौर पर उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर प्रबंधन हेतु ‘स्वस्थ’ पोर्टल, डिस्पेंसरी मैनेजमेंट सिस्टम (DMS) तथा विभिन्न एचआर पोर्टलों के आधुनिकीकरण जैसे उल्लेखनीय कार्य किए गए। उन्होंने औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने, कर्मचारी कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की चिकित्सा सुविधाओं, पेंशन व्यवस्था तथा पारदर्शी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को भी विशेष प्राथमिकता दी।
डॉ. पांडे ने नागपुर के विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (VNIT) से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने माइनिंग में मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री तथा मैनेजमेंट विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (PhD) की उपाधि भी प्राप्त की है। प्रबंधन एवं नेतृत्व क्षमता को और सुदृढ़ करने हेतु उन्होंने यूरोप के प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूल ‘ईएससीपी’ में एडवांस्ड ग्लोबल टेक्नो-मैनेजमेंट प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा फ्रांस, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड, बेल्जियम एवं नीदरलैंड का अध्ययन दौरा किया।
उन्होंने कनाडा के टोरंटो में आयोजित प्रॉस्पेक्टर्स एंड डेवेलपर्स एसोसिएशन (PDAC) सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में भाग लिया।
डॉ. पांडे ने अपने व्यावसायिक करियर की शुरुआत वर्ष 1989 में कोल इंडिया लिमिटेड में माइनिंग इंजीनियर के रूप में की। वेकोलि एवं साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
एसईसीएल के रायगढ़ क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक तथा गेवरा क्षेत्र में महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) के रूप में उन्होंने बड़े पैमाने पर कोयला खनन परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया। गेवरा एवं रायगढ़ क्षेत्रों में साइलो आधारित पर्यावरण अनुकूल कोयला डिस्पैच प्रणाली, इन-पिट क्रशिंग सिस्टम तथा आईटी आधारित पारदर्शी व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में जोहिला क्षेत्र में सौर ऊर्जा इकाई की स्थापना एवं अनेक सीएसआर गतिविधियों का सफल क्रियान्वयन किया गया। वर्ष 2022 में उन्हें कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ महाप्रबंधक’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
डॉ. हेमंत शरद पांडे के व्यापक अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व एवं नवाचार आधारित कार्यशैली से वेकोलि को निश्चित रूप से नई दिशा एवं नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

