दुर्गापुर स्टील प्लांट के कार्यपालक निदेशक बीएल चंदवानी ने बहुजन समाज के अनेक महापुरुषों के योगदान को याद किए।
- सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सलाह दी गई कि वे सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली राशि का सोच-समझकर सुरक्षित निवेश करें।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भारत में सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था के अग्रदूत माने जाने वाले राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग के अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के जून-2026 में सेवानिवृत्त होने वाले श्रमवीरों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम सेक्टर-6 स्थित डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल में भिलाई इस्पात संयंत्र एससी/एसटी एम्प्लाइज एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि बीएल चंदवानी, कार्यपालक निदेशक, दुर्गापुर स्टील प्लांट थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने की।
मुख्य अतिथि बी.एल. चंदवानी ने अपने संबोधन में कहा कि बहुजन समाज के अनेक महापुरुषों ने समाज के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने वर्ष 1902 में कोल्हापुर रियासत में पिछड़े वर्गों और दलितों के लिए सरकारी नौकरियों एवं शिक्षा में 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी थी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों और अधिकारियों की मेहनत का ही परिणाम है कि संयंत्र लगातार उच्च गुणवत्ता के उत्पादन का नया रिकॉर्ड बना रहा है। उन्होंने जून माह में सेवानिवृत्त होने वाले श्रमवीरों को स्वस्थ, सुखद और सम्मानजनक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय बौद्ध महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दशरथ प्रसाद अहिरवार ने कहा कि राजर्षि शाहूजी महाराज ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की उच्च शिक्षा और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग दिया था। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सलाह दी कि वे सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली राशि का सोच-समझकर सुरक्षित निवेश करें।
इस अवसर पर कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग के सेवानिवृत्त श्रमवीरों झगर सिंह (महाप्रबंधक), बाबू सिंह कबर (इंजीनियरिंग एसोसिएट), अर्जुन सिंह ठाकुर (इंजीनियरिंग एसोसिएट) तथा सुन्हेर राम ठाकुर (जूनियर इंजीनियर) का पुष्पमाला, शॉल, श्रीफल, एसोसिएशन की पत्रिका ‘नया सवेरा’, स्मृति-पत्र एवं मिठाई भेंट कर सम्मान किया गया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की धर्मपत्नी का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज एवं वेद प्रकाश सूर्यवंशी, महासचिव विजय कुमार रात्रे, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार, जोनल सचिव कालीदास बघेल, कार्यकारिणी सदस्य हेमंत भुआर्य, धनंजय मेश्राम और लेखराम घरेंद्र सहित तथागत समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल साखरे, मेघनाथ जांगड़े, हेमचंद करें, रवीन्द्र ठाकुर, सालिक राम ध्रुव, चिमन लाल तारम, जगत राम रावटे, फगन राम समेत बड़ी संख्या में श्रमवीर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महासचिव विजय कुमार रात्रे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कार्यकारिणी सदस्य धनंजय मेश्राम ने किया।

