भिलाई स्टील प्लांट का ह्दय स्थल इस्पात भवन है। यहीं डायरेक्टर इंचार्ज, ईडी समेत उच्चाधिकारी का कार्यालय है। मारपीट की घटना से सब हैरान।
- मारपीट की घटना 19 सितंबर को दोपहर करीब दोपहर 3 बजे की है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट के इस्पात भवन में तकनीकी स्पेसिफिकेशन को लेकर बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक डीजीएम पर हेलमेट से हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पास में रखे हेलमेट से डीजीएम के सिर पर तीन बार वार कर दिया। सिर के बाएं हिस्से में चोट लगने से खून निकल आया। मामले में भट्ठी थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता रविंद्र गणपत राव सांगोडे, मेकान लिमिटेड में कार्यरत हैं। प्रथम तल, इस्पात भवन भिलाई में डीजीएम के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने एफआइआर दर्ज कराया है। मारपीट की घटना 19 सितंबर को दोपहर करीब दोपहर 3 बजे की है।
तकनीकी स्पेसिफिकेशन पर बातचीत के दौरान बिगड़ा मामला
शिकायत में बताया गया है कि विजय सिंह, शिकायतकर्ता को प्रदीप मांडपे के कमरे में लेकर गए थे। वहां तकनीकी स्पेसिफिकेशन तैयार करने से संबंधित बातचीत चल रही थी। इसी दौरान प्रदीप मांडपे कथित तौर पर अचानक आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उन्होंने मां-बहन को लेकर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पास में रखा हेलमेट उठाकर डीजीएम के सिर पर तीन बार हमला किया।
सिर में चोट, खून निकलने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक हेलमेट से वार किए जाने के कारण उनके सिर के बाएं हिस्से में चोट लगी और खून निकलने लगा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना को विजय सिंह ने देखा और सुना है। घटना के बाद डीजीएम ने अपनी पत्नी वर्षा रविंद्र सांगोडे को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की।
इस्पात भवन में अफरातफरी, पुलिस तक पहुंचा मामला
इस्पात भवन जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय परिसर में अधिकारी के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। तकनीकी विषय पर शुरू हुई बातचीत के दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज, धमकी और फिर हेलमेट से हमला किए जाने की शिकायत ने पूरे घटनाक्रम को गंभीर बना दिया है। भट्ठी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद घटना के तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी। बता दें कि भिलाई स्टील प्लांट का ह्दय स्थल इस्पात भवन है। यहीं डायरेक्टर इंचार्ज, ईडी समेत उच्चाधिकारी का कार्यालय है।



