नियमित कर्मचारियों की भर्ती न होना, ठेकेदार और अकुशल ठेका श्रमिकों पर निर्भरता हादसों को जन्म देता है। लापरवाही से हादसे बढ़े।
- नियमित कर्मचारियों की भर्ती तथा प्रबंधकीय जिम्मेदारी को तय करना आवश्यक है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। बीएसपी हादसे पर भिलाई कर्मचारी यूनियन ने भी ब्लास्ट फर्नेस 6 में श्रमिक विनोद कुमार की दुर्घटना में मृत्यु को दुखद बताया। साथ में सवाल भी दागा कि लगातार ठेका श्रमिकों के साथ हो रहे हादसों के लिए जिम्मेदार कौन है?
भिलाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी महामंत्री अशोक माहौर, कार्यकारी अध्यक्ष आनंद पाण्डेय तथा डीजीएस अनुराग माहुलकर ने ब्लास्ट फर्नेस में घटना स्थल जाकर जानकारी ली। कर्मचारियों का कहना है कि कहीं न कहीं अत्यधिक काम का दबाव, काम की जल्दबाजी इसका मुख्य कारण है।
नियमित कर्मचारियों की भर्ती न होना, ठेकेदार और अकुशल ठेका श्रमिकों पर निर्भरता हादसों को जन्म देता है। जहां नियमित कर्मचारियों की ट्रेनिंग 1.5 से 2 वर्ष की होती थी। वहीं, ठेका श्रमिकों को ट्रेनिंग के नाम पर 2 दिन के बाद ही एक अपरिचित जगह, जिसके खतरों के बारे में उसे ज्ञान ही नहीं रहता है।
वहां भेज दिया जाता है। ठेकेदारों द्वारा अपने श्रमिकों पर ट्रेनिंग के नाम पर जो लीपापोती चल रही है, उस पर भी ध्यान दिया जाना अति आवश्यक है। अन्यथा ऐसे हादसों से बचना बहुत ही मुश्किल दिखता है।
नियमित कर्मचारियों की भर्ती तथा प्रबंधकीय जिम्मेदारी को तय करना आवश्यक है। अन्यथा इस प्रकार के हादसों के लिए हमेशा तैयार रहना होगा।



