एससीएसटी कर्मचारियों से काटी गई ट्यूशन फीस की राशि वापस। कांग्रेस के कड़े रुख और जनदबाव के कारण बीएसपी को फैसला बदलना पड़ा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन द्वारा अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के कर्मियों के बच्चों से ट्यूशन फीस वसूलने के फैसले को कांग्रेस के पुरजोर विरोध के बाद वापस ले लिया गया है। संयंत्र स्थापना के इतिहास में पहली बार अगस्त माह की पेमेंट स्लिप से काटी गई ₹884 की ट्यूशन फीस राशि को सितंबर माह के वेतन में प्रबंधन ने कर्मचारियों के खातों में वापस (रिफंड) कर दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के प्रवक्ता जावेद खान ने बताया कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकार द्वारा इस जनविरोधी और संविधान विरोधी फैसले के खिलाफ सेल (सेल) के डायरेक्टर पर्सनल के. के. सिंह को पत्र लिखकर तत्काल फीस वापसी की मांग की गई थी। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार और बीएसपी प्रबंधन की इस कार्रवाई को आरक्षण और सामाजिक न्याय के ढांचे पर हमला बताते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी।
कांग्रेस के कड़े रुख और जनदबाव के कारण बीएसपी प्रबंधन को अपना फैसला बदलना पड़ा। पुरानी व्यवस्था बहाल होने और काटी गई फीस वापस मिलने पर भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत एससी-एसटी कर्मचारियों ने प्रबंधन और जिला कांग्रेस कमेटी का आभार व्यक्त किया है।
