BSP कर्मचारी बर्खास्त: 214 दिनों से गैर-हाजिर, परिवार को भनक नहीं, सेक्टर 9 हॉस्पिटल में खुला निष्कासन का राज़
भिलाई स्टील प्लांट का कर्मचारी बर्खास्त किया गया। परिवार को नौकरी जाने की भनक तक नहीं लगी। सीटू ने अनुशासनात्मक कार्रवाई में परिजनों को शामिल करने की मांग की।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल-भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के एक कर्मचारी को 214 दिनों तक बिना सूचना ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के मामले में बर्खास्त कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि कर्मचारी के ड्यूटी पर नहीं जाने की जानकारी उसके परिवार को भी नहीं थी। प्रबंधन की ओर से बर्खास्तगी का आदेश कर्मचारी के घर के पते पर भेजा गया, लेकिन परिवार को इसकी गंभीरता का अंदाजा तक नहीं हुआ।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब कर्मचारी इलाज कराने के लिए सेक्टर-9 हॉस्पिटल पहुंचा। वहां मेडिकल रिकॉर्ड में उसका नाम दर्ज नहीं मिला। छानबीन करने पर पता चला कि बीएसपी प्रबंधन उसे नौकरी से हटा चुका है। यह जानकारी मिलते ही परिवार के होश उड़ गए। परिवार के मुखिया की नौकरी जाने से बुजुर्ग मां, पत्नी और 10 साल के बेटे के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया।
ये खबर भी पढ़ें: Breaking News: भिलाई स्टील प्लांट के दारूबाज 2 कर्मचारी सस्पेंड, छापेमारी
परिवार को न तो प्रबंधन की ओर से हुई पिछली अनुशासनात्मक कार्रवाइयों की जानकारी थी और न ही यह पता था कि कर्मचारी लंबे समय से ड्यूटी से गैरहाजिर है। इसी मामले को संज्ञान में लेते हुए बीएसपी की पूर्व मान्यता प्राप्त यूनियन सीटू ने प्रबंधन के सामने एक अहम मांग रखी है। यूनियन का कहना है कि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया में उसके परिवार को भी शामिल किया जाना चाहिए।
8-9 बार मिल चुकी थी सजा, परिवार अनजान
बताया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी को पहले भी 8-9 बार दंड मिल चुका था। इसके बावजूद परिवार को इन कार्रवाइयों की जानकारी नहीं थी। मेडिकल सुविधा समेत कंपनी की कई सुविधाओं से भी कर्मचारी को वंचित कर दिया गया था। विभागीय जांच के दस्तावेजों और जांच अधिकारी के निष्कर्षों को आधार बनाकर प्रबंधन ने सेवा से बर्खास्तगी का फैसला लिया।
एसपी-3 विभाग में कार्यरत कर्मचारी का परिवर्तित नाम रजत कुमार है। वह एस-6 ग्रेड में कार्यरत थे। मामले में काउंसिलिंग और चार्जशीट जैसी प्रक्रियाएं भी हुईं, लेकिन परिवार को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
बीएसपी ने घर के पते पर भेजा बर्खास्तगी का आदेश
बताया गया कि मई 2026 में संयंत्र के एक कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त किया गया था। प्रबंधन ने आदेश की प्रति उनके निवास स्थान के पते पर भेजी थी। हालांकि, परिजनों को मामले की गंभीरता का पता तब चला, जब कर्मचारी बीमारी का इलाज कराने सेक्टर-9 हॉस्पिटल पहुंचा और वहां मेडिकल रिकॉर्ड में उसका नाम नहीं मिला।
इसके बाद छानबीन में पता चला कि संबंधित कर्मचारी को नौकरी से हटाया जा चुका है। इससे पहले प्रबंधन की ओर से की गई दंडात्मक कार्रवाइयों की जानकारी भी परिवार को नहीं थी। यूनियन का कहना है कि संयंत्र में ऐसे मामले सामने आते रहते हैं। इसलिए चार्जशीट जारी करने और अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई के दौरान परिवार के सदस्यों को भी बुलाया जाना चाहिए।
परिवार को शामिल करने से कम हो सकती हैं दंडात्मक कार्रवाइयां
सीटू का तर्क है कि कर्मचारी के व्यवहार और परिस्थितियों को सुधारने में परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। आरोपित कर्मचारी को बेहतर परामर्श देने में उसके परिजन मददगार साबित हो सकते हैं। किसी कर्मचारी पर होने वाली दंडात्मक कार्रवाई का असर केवल उस पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है।
यूनियन ने मांग की है कि चार्जशीट जारी करने, काउंसिलिंग और अन्य अनुशासनात्मक प्रक्रियाओं के दौरान कर्मचारी की पत्नी या परिवार के अन्य जिम्मेदार सदस्यों को भी बुलाया जाए। उन्हें आरोपों और कार्रवाई की जानकारी दी जाए, ताकि वे कर्मचारी को समझा सकें और समय रहते सुधार की कोशिश कर सकें।
यूनियन के मुताबिक, इस पहल से प्रबंधन को कर्मचारी के पारिवारिक पक्ष और परिस्थितियों को समझने का अवसर मिलेगा। इससे अनुशासनात्मक मामलों में सकारात्मक परिणाम आ सकते हैं और परिवार को बिखरने से बचाने में भी मदद मिल सकती है।