विशाखापट्टनम इस्पात संयंत्र में अधिकारी संग कर्मचारियों की गई जान, अब हो जाओ सावधान, BSP OA का छलका दर्द
ओए-बीएसपी ने आरआईएनएल के स्टील मेल्टिंग शॉप हादसे में दिवंगत कार्मिकों को श्रद्धांजलि दी। किसी भी संगठन की सबसे बड़ी पूंजी उसके कार्मिक होते हैं और प्रत्येक कार्मिक का सुरक्षित घर लौटना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सूचनाजी न्यूज, भिलाई। बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन-ओए ने राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL), विशाखापट्टनम इस्पात संयंत्र में हुई दुखद दुर्घटना पर गहरा शोक एवं हार्दिक संवेदना व्यक्त की, जिसमें कई बहुमूल्य मानव जीवनों की क्षति हुई है तथा अनेक कर्मचारी घायल हुए हैं। सेफी अध्यक्ष नरेन्द्र
- ओए-बीएसपी ने आरआईएनएल के स्टील मेल्टिंग शॉप हादसे में दिवंगत कार्मिकों को श्रद्धांजलि दी।
- किसी भी संगठन की सबसे बड़ी पूंजी उसके कार्मिक होते हैं और प्रत्येक कार्मिक का सुरक्षित घर लौटना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन-ओए ने राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL), विशाखापट्टनम इस्पात संयंत्र में हुई दुखद दुर्घटना पर गहरा शोक एवं हार्दिक संवेदना व्यक्त की, जिसमें कई बहुमूल्य मानव जीवनों की क्षति हुई है तथा अनेक कर्मचारी घायल हुए हैं।
सेफी अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर ने कहा कि देशभर के इस्पात अधिकारियों की ओर से हम शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहन संवेदनाएँ व्यक्त करते हैं तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में घायल हुए सभी कार्मिकों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हैं। दुःख और संकट की इस घड़ी में हम आरआईएनएल के अपने सभी सहयोगियों के साथ एकजुटता के साथ खड़े हैं।
ये खबर भी पढ़ें: विशाखापट्टनम हादसे के शहीद श्रमिकों की याद में भिलाई हुआ मौन, थमे गाड़ियों के पहिए
यह दुर्घटना हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्मिकों की सामूहिक जिम्मेदारी और कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे सुरक्षा मानकों, प्रक्रियाओं एवं सावधानियों का अक्षरशः पालन करें तथा किसी भी प्रकार की असुरक्षित स्थिति या कार्यप्रणाली को तत्काल चिन्हित कर उसके निराकरण हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं।
ये खबर भी पढ़ें: RINL में 8 मौत से एक्शन मोड में SAIL CMD, सभी प्लांट का पोस्टमार्टम, देंगे अपना नंबर, कर्मचारी करेंगे डायरेक्ट कॉल
श्री बंछोर ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी पूंजी उसके कार्मिक होते हैं और प्रत्येक कार्मिक का सुरक्षित घर लौटना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने दिवंगत कार्मिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि इस्पात उद्योग अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य वातावरण में संचालित होता है, जहाँ द्रवित धातु (Molten Metal) भारी उपकरणों, उच्च तापमान तथा जटिल प्रक्रियाओं के बीच कार्य करना पड़ता है। यद्यपि पिछले वर्षों में सुरक्षा प्रबंधन प्रणालियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, फिर भी यह घटना हमें पुनः स्मरण कराती है कि औद्योगिक गतिविधियों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए।
ये खबर भी पढ़ें: SAIL New Lease Policy: सेल को मिलेगा राजस्व, टाउनशिप को नया जीवन, मेहनत सेफी की, श्रेय ले रहा कोई और
सेफी का दृढ़ विश्वास है कि प्रत्येक कार्मिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के बाद सुरक्षित अपने घर लौटने का अधिकार है। इसलिए हम सब की जिम्मेदारी हैं कि कार्यस्थल सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सुरक्षित कार्य प्रणालियों को प्रभावी रूप से लागू करने, पर्याप्त प्रशिक्षण एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने तथा महत्वपूर्ण परिचालनों से संबंधित प्रणालियों एवं प्रक्रियाओं की निरंतर समीक्षा करने हेतु सभी आवश्यक कदम निरंतर उठाने चाहिए।
साथ ही, सेफी इस दुर्घटना की जांच कर रही सक्षम प्राधिकृत एजेंसियों पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करता है और आशा करता है कि निष्पक्ष, व्यापक एवं वस्तुनिष्ठ जांच के माध्यम से इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारणों की पहचान की जाएगी। ऐसी जांचों से प्राप्त सीखों का प्रभावी रूप से सभी इस्पात संयंत्रों में प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
ये खबर भी पढ़ें: Visakhapatnam Steel Plant Accident: सीटू बोला-सुरक्षा से समझौते और निजीकरण की राजनीति का खतरनाक रिज़ल्ट, BSP भी उसी मॉडल पर
कार्यक्रम में ओए-बीएसपी महासचिव अंकुर मिश्रा ने सभी अधिकारियों को सुरक्षा शपथ दिलवाई। सभी अधिकारियों ने सुरक्षा शपथ लेते हुए यह संकल्प लिया कि वे कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का पूर्णतः पालन करेंगे, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे तथा शून्य दुर्घटना के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
उक्त शोक सभा में सेफी चेयरमेन एवं ओए-बीएसपी अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर, महासचिव अंकुर मिश्रा, कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू, उपाध्यक्ष द्वय संतोष कुमार सिंह, रेमी थॉमस, सचिव प्रहलाद मौर्या, पूर्व महासचिव परविन्दर सिंह व जोनल प्रतिनिधि एमएआर शरीफ, जी पी सोनी, एच एल सोनवानी, श्रवण कुमार शुक्ला, आदित्य दुबे, मिलिंद बंसोड़, एम. विजय कुमार, विनीत वर्मा, विवेक सिंह चौहान, अखिल मिश्रा, एस के नागले सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
ये खबर भी पढ़ें: बिकने नहीं देंगे सेक्टर 9 हॉस्पिटल: कलेक्टर साहब आप भी कुछ कीजिए, बीएसपी सबकुछ छुपा रहा