रिसाली महापौर: भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारी की पत्नी डॉ. रामेश्वरी वासु बंजारे की कांग्रेस से दावेदारी, पढ़ें कुंडली
भिलाई स्टील प्लांट के पीबीएस 1 के कर्मचारी वासुदेव बंजारे की पत्नी शिक्षाविद् एवं प्राचार्य हैं। उमरपोटी और मरोदा सेक्टर में घर। समाज में मजबूत पकड़। कांग्रेस से टिकट की दावेदारी कर रही हैं।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। इसी साल भिलाई, चरोदा के साथ रिसाली नगर निगम का चुनाव होना है। उम्मीदवारों की फेहरिस्त सामने आते जा रही है। कांग्रेस से भी चेहरे सामने आ गए हैं। भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारी की पत्नी डॉ. रामेश्वरी वासु बंजारे ने भी चुनावी मैदान में ताल ठोकने का दम भरा है। टिकट पर अंतिम मुहर पार्टी को लगाना है। फिलहाल, क्षेत्र में काफी सक्रियता देखी जा रही है। समर्थन में हर स्तर पर आवाज उठ भी रही है।
रिसाली नगर निगम महापौर प्रत्याशी के लिए कांग्रेस से मजबूत दावेदारी करने वालों में डॉ. रामेश्वरी वासु बंजारे का नाम जुड़ गया है। भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारी वासुदेव बंजारे की पत्नी शिक्षाविद् एवं प्राचार्य हैं। वर्ष 2010 से विभागाध्यक्ष (HOD) तथा वर्ष 2015 से डॉ. राजेंद्र प्रसाद कॉलेज, रिसाली, भिलाई में प्राचार्य के रूप में कार्यरत हैं। वहीं, बीएसपी कर्मचारी वासुदेव बंजारे भिलाई इस्पात संयंत्र में वर्ष 1995 से जुड़े। वरिष्ठ कर्मचारी व सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान बनाए हुए हैं।
उमरपोटी और मरोदा से नाता
कांग्रेस से टिकट मांगने वालीं डॉ. रामेश्वरी वासु बंजारे का रिसाली नगर निगम से गहरा नाता है। ग्राम उमरपोटी, रिसाली में स्थायी आवास है। वहीं, मरोदा सेक्टर के एम पॉकेट-4बी में भी परिवार रहता है। पिछले 30 साल से रिसाली मरोदा सेक्टर भिलाई में निवासरत हैं।
आखिर क्या है शैक्षणिक योग्यताएं
हाईस्कूल/हायर सेकेंडरी/बीए/बीएड/एमए हिंदी/एमए मनोविज्ञान, एम एड, शिक्षा विषय में शोध उपाधि (पीएच.डी.) प्राप्त हैं। वहीं, व्यावसायिक अनुभव एवं उपलब्धियों की बात की जाए तो यहां भी अनुभव है। शिक्षण, शैक्षणिक नेतृत्व, प्राचार्य पद के दायित्वों, संस्थागत प्रबंधन एवं प्रशासन के क्षेत्र में लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। शिक्षा के साथ-साथ कला, साहित्य, सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व विकास एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रीयता है।
अनुभव, योग्यता और क्षमता के बारे में जानिए
शिक्षा जगत में प्राप्त अनुभव के आधार पर शैक्षणिक संस्थानों के संचालन, प्रशासनिक व्यवस्था, नेतृत्व, समन्वय तथा विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में काफी सक्रियता है। समाज व सर्व समाज, श्रमिक बस्ती, महिला संगठन में शिक्षा व उच्च शिक्षा के प्रति सामाजिक जागरूकता तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सक्रिय हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूकता के लिए निरंतर कार्य भी कर रही हैं।
विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक मंच से जुड़ीं
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) अल्पसंख्यक सहित सर्वसमाज के लोगों को उनके मौलिक अधिकारों एवं शैक्षणिक अवसरों के प्रति जागरूक करने पर जोर है। शिक्षा एवं उच्च शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रयास करती हैं। सामाजिक समरसता, समान अवसर तथा सर्वसमाज के उत्थान की भावना के साथ कार्य करने का भरसक प्रयास।
पति वासुदेव बंजारे पुराने कांग्रेसी
डॉ. रामेश्वरी वासु बंजारे के पति वासुदेव बंजारे वर्ष 1988 से कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में निःस्वार्थ भाव से निरंतर सेवा करते आ रहे हैं। उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाई है।
शिक्षा के क्षेत्र में गरीबी रेखा में निवासरत बच्चों को RTI के तहत निजी DPS जैसे निजी स्कूलों में प्रवेश कराने में महत्वपूर्ण योगदान अदा किया है। निर्धन प्रतिभावान बच्चों को उच्च शिक्षा (MBBS, IIT, B.tech , LLB, UPSC ,CGPSC, विदेशी शिक्षा शोध जर्मन) के लिए हर सम्भव समाजिक संस्था के माध्यम से मदद, यह उनके सामाजिक सरोकार एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
सर्वसमाज में सक्रियता
वे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक तथा सर्वसमाज के बीच एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहे हैं। वे वर्ष 1995 से भिलाई इस्पात संयंत्र में सेवारत हैं। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ अच्छे संबंध स्थापित किए हैं।
डॉ. रामेश्वरी वासु बंजारे का कहना है कि मेरे पति के अथक प्रयासों से भिलाई इस्पात संयंत्र में दो परिवारों को अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने में सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे प्रभावित परिवारों को सहारा मिला। उनका सामाजिक संपर्क एवं वर्षों का जनसेवा अनुभव क्षेत्र के विभिन्न समाजों, परिवारों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों के बीच उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
वहीं, परिवार का राजनीतिक योगदान भी है। डॉ. रामेश्वरी वासु बंजारे के ससुराल परिवार का भी कांग्रेस संगठन एवं राजनीतिक गतिविधियों में लंबे समय से योगदान रहा है। जेठ कंवल सिंह गायकवाड़ पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मोतीलाल वोरा, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में बहुत लंबे समय से निःस्वार्थ भाव से सेवा देते आ रहे हैं।
महापौर पद के लिए दावेदारी का क्षेत्रीय जनाधार क्या है
शिक्षा एवं प्रशासन, संचालन के क्षेत्र में अपने अनुभव तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के आधार पर रिसाली नगर निगम में महापौर उम्मीदवार की दावेदारी करते हुए रिसाली नगर निगम विकास में सार्थक योगदान देना चाहती हैं।
पति वासुदेव बंजारे द्वारा भिलाई क्षेत्र में लगभग तीन दशकों से किए जा रहे सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यों तथा विभिन्न समाजों के बीच समन्वय स्थापित, संपर्क का लाभ जनसेवा एवं संगठनात्मक गतिविधियों को मिल सकता है।
विशेष रूप से पुरैना, डूंडेरा, उमरपोटी, नेवई, मरोदा बस्ती , मरोदा सेक्टर , रूवा बांधा बस्ती सेक्टर , रिसाली तथा नगर निगम के अन्य क्षेत्रों में हमारे पारिवारिक सामाजिक संपर्क एवं जनसेवा के अनुभव को उपयोगी आधार के रूप में देखा जा सकता है।
बस्ती में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, उद्यान, तरोताजा पर्यावरण तथा क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए जनसेवा करना मुख्य उद्देश्य बता रही हैं।