- पाइपलाइन के ऊपर एक बड़े पेड़ के आ जाने की वजह से मरम्मत कार्य में बहुत परेशानी हो रही थी।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई टाउनशिप में पानी समस्या समाधान के लिए बड़ा काम किया गया है। कार्मिकों को लो प्रेशर से निजात दी गई है। फॉरेस्ट एवेन्यू पर स्थित सेक्टर 4 बाघेला पेट्रोल पंप के पीछे बीएसएफ हॉस्टल के कैंपस के अंदर पीने के पाइपलाइन से पानी का कुछ दिनों से बहुत रिसाव हो रहा था। जिससे आसपास के इलाकों में पानी का प्रेशर कम हो रहा था।
उक्त स्थान पर पाइपलाइन के ऊपर एक बड़े पेड़ के आ जाने की वजह से मरम्मत कार्य में बहुत परेशानी हो रही थी। इस हेतु एक विशेष कार्य योजना बनाकर पानी के पाइपलाइन को ही पेड़ के बाजू से डायवर्ट कर दिया गया। इसके लिए विशेष प्रकार का लगभग 15 मीटर का बैंड पाइप तैयार किया गया। पुराने पाइपलाइन के दोनों सिरों को काटकर नए बैंड पाइप को दोनों सिरों में जोड़कर पानी के रिसाव को पूरी तरह बंद कर दिया गया।
इस प्रकार पानी का रिसाव भी बंद हो गया तथा एक बड़े पेड़ को हटाने की आवश्यकता भी नहीं पड़ी। इस कार्य को पूरा करने में बीएसपी नगर सेवा विभाग की जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वर्कशॉप टीम से नितिन कश्यप,चमरू ,पुरुषोत्तम,शिव देवांगन तथा सेक्टर 4 मेंटेनेंस इकाई से अमित सोनी, दिलेश, रोहित ,विकास ,सुरेश आदि कार्मिकों का प्रमुख योगदान रहा।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी अनुभाग इस प्रकार पानी के पाइपलाइन के उपर पेड़ आ जाने की समस्या वाले कई स्थानों पर पाइप लाइन को डायवर्ट कर पेड़ों को संरक्षित करने का प्रयास लगातार कर रहा है। साथ ही साथ जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी अनुभाग नगरवासियों से अपील भी करता है कि पीने के पाइपलाइन के ऊपर कोई बड़ा पेड़ पौधा न लगाएं तथा न ही कोई भी निर्माण कार्य करें, जिससे टाउनशिप के रहवासियों को जलापूर्ति में कोई परेशानी का सामना करना पड़े।















