विस्थापितों को Bokaro Steel Plant दे रहा दुकान, 96 दुकानों का आवंटन शुरू, ये है प्रक्रिया

Bokaro Steel Plant is Giving Shops to the Displaced People, Allotment of 96 Shops has Started, this is the Process

आवेदन पत्र प्राप्त करने की अवधि 23 मार्च 2026 से 01 अप्रैल 2026 तक। आवेदन शुल्क 500 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) देय होगा।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र विस्थापितों के आर्थिक उत्थान के लिए बीएसएल मैनेजमेंट ने बड़ा फैसला लिया है। नगर प्रशासन विभाग (एलआरए) के माध्यम से बोकारो स्टील सिटी के विभिन्न सेक्टरों में नवनिर्मित एवं रिक्त कुल 96 दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यह पहल विस्थापितों को स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस योजना के अंतर्गत नेबरहुड शॉप्स (NH Shops), लो कॉस्ट शॉप्स (LCS) तथा पान एवं सिगरेट की दुकानों का आवंटन विशेष रूप से केवल पात्र स्थानीय विस्थापित व्यक्तियों के लिए किया जाएगा। इन दुकानों का आवंटन पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष ‘लॉटरी प्रणाली’ के माध्यम से 11 माह की लाइसेंस अवधि हेतु किया जाएगा, जिसमें भविष्य में नवीनीकरण की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

विस्थापित जो स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, वे नगर सेवा भवन स्थित नगर प्रशासन (एलआरए) कार्यालय से निर्धारित तिथियों में आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र प्राप्त करने की अवधि 23 मार्च 2026 से 01 अप्रैल 2026 तक रखी गई है, जिसके लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) देय होगा।

पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ 02 अप्रैल 2026 से 06 अप्रैल 2026 तक (प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे के बीच) नगर प्रशासन (एलआरए) कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं. इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए केवल वे ही विस्थापित व्यक्ति पात्र होंगे जिनके पास वैध डीपीएलआर (DPLR) या बीएसएल (BSL) पंजीकरण प्रमाणपत्र उपलब्ध है।

यह अवसर विस्थापित परिवारों की आर्थिक समृद्धि और स्वावलंबन का द्वार है। बोकारो इस्पात संयंत्र विस्थापितों के साथ मिलकर एक सशक्त और समृद्ध बोकारो के निर्माण हेतु निरंतर प्रयत्नशील है।