BSP Accident Update: सेफ्टी में भारी चूक, मजदूर ने तड़पकर तोड़ा दम, अधिकारी होंगे सस्पेंड या…

BSP Accident Update Major Lapse in Safety Worker Dies Officials will be Suspended or
  • ईडी वर्क्स राकेश कुमार सेफ्टी को लेकर एक्शन में हैं। किसी अधिकारी पर गाज गिरनी तय है। कोई सस्पेंड होगा या क्लीन चिट दी जाएगी?

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल के भिलाई स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस 4 में शुक्रवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। कार्य के दौरान मजदूर करीब 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरा, जिससे हड्डी चकनाचूर हो गई है। पेट के बल गिरने से अंदरुनी चोट भी लगी है। सेक्टर 9 हाॅस्पिटल के आइसीयू में इलाज के दौरान शाम करीब सवा 7 बजे मौत हो गई।

बीपी हाई होने की वजह से सिटी स्कैन नहीं कर पा रहे थे। काउंसिलिंग में हालत नाजुक बताया गया था। अंदरुनी चोट की वजह से मजदूर की तबीयत तेजी से बिगडती गई और जान चली गई। इधर, परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पाटन के पहडोर निवासी 49 वर्षीय खोम लाल वर्मा ठेका कंपनी बलदेव सिंह के अंतर्गत कार्यरत थे। ब्लास्ट फर्नेस के हाई लाइन के ओवरहेड क्रेन में क्रेन मेंटेनेंस का कार्य कर रहे थे। जानकारी दी गई है कि क्रेन ऑपरेटर द्वारा क्रेन चला दिया गया, जिससे मजदूर अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ा।

30 फीट की ऊंचाई स गिरने की वजह से काफी अंदरुनी चोट लगी। सेक्टर 9 हॉस्पिटल में प्राथमिक जांच में स्पष्ट हो गया है कि लिवर में इंज्युरी भी है। जिस वक्त जख्मी मजदूर को अस्पताल लाया गया था, वह बातचीत कर रहा था। हालत को देखते हुए तत्काल आइसीयू में शिफ्ट किया गया था।

हादसे के बाद बीएसपी कार्मिकों और ट्रेड यूनियन ने सेफ्टी पर सवाल उठा दिए। सेफ्टी को लेकर बरती जा रही लापरवाही उजागर हो गई है। घायल मजदूर क्रेन इलेक्ट्रिकल के मेंटेनेंस का काम 30 फीट की ऊंचाई पर कार्य कर रहा था, तो सेफ्टी हार्नेस बेल्ट क्यों नहीं इस्तेमाल कराया गया। सुपरवाइजर कहां था। संबंधित विभाग के अधिकारी अपने कार्य क्षेत्र में लापरवाही से कार्य क्यों होने दे रहे थे।

आखिरकार, लापरवाही की वजह से एक मजदूर की जान चली गई। वहीं, बीएसपी की साख पर भी बट्टा लग रहा है। जांच के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, पूरी संभावना जताई जा रही है कि जिस तरह से ईडी वर्क्स राकेश कुमार सेफ्टी को लेकर एक्शन में हैं। संबंधित विभाग के अधिकारी पर गाज गिरनी तय है। अब देखना यह होगा कि कोई सस्पेंड होता है या क्लीन चिट दी जाएगी।