- पेंशन फाइल के बदले रिश्वतखोरी बेनकाब: सीबीआई ने नॉर्दर्न रेलवे के दो अधिकारियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
- दोनों अधिकारियों को ₹70,000 की रिश्वत लेते समय रंगेहाथ पकड़ा गया। आरोपी अकाउंटेंट ने शिकायतकर्ता की मौसी की पेंशन पर मांगा था रिश्वत।
सूचनाजी न्यूज, लखनऊ। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्दर्न रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों को दबोच लिया है। भ्रष्टाचारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
एक अकाउंटेंट और सहायक मंडलीय वित्त प्रबंधक (एडीएफएम) को पेंशन प्रकरण के निपटारे के बदले रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों को ₹70,000 की रिश्वत लेते समय रंगेहाथ पकड़ा गया।
सीबीआई ने यह मामला 27 जनवरी 2026 को दर्ज किया था। शिकायत के अनुसार, आरोपी अकाउंटेंट ने शिकायतकर्ता की मौसी की पेंशन प्रक्रिया के लिए पहले पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) बनने के बाद ₹1,00,000 और दावा राशि के निपटारे के बाद अतिरिक्त ₹2,50,000 की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत की सत्यता की जांच के बाद सीबीआई ने 27 जनवरी 2026 को जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को ₹70,000 की आंशिक रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय, लखनऊ में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।











