फ्लड लाइट कप में छत्तीसगढ़ का जलवा: महिला टीम की साइकिल पोलो में धमाकेदार जीत, लगातार बढ़त बरकरार

Chhattisgarh wins All India Cycle Polo Flood Light Invitation Cup 2025-26 at CCFC Club
  • छत्तीसगढ़ महिला टीम ने केरल को 10-2 के बड़े अंतर से हराकर शानदार शुरुआत की।

सूचनाजी न्यूज, कोलकाता। CCFC Club में आयोजित अखिल भारतीय साइकिल पोलो “फ्लड लाइट” आमंत्रण कप 2025-26 में छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने खिताब बचाने की मजबूत दावेदारी पेश की है। गत वर्ष की विजेता टीम इस बार भी जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रही है।

बंगाल साइकिल पोलो एसोसिएशन के तत्वावधान में 8 से 12 अप्रैल तक चल रही इस प्रतियोगिता में देश की शीर्ष टीमें हिस्सा ले रही हैं। महिला वर्ग में छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, केरल, तेलंगाना और कर्नाटक की टीमें मैदान में हैं।

पहले ही दिन दिखा दम

प्रतियोगिता के पहले दिन छत्तीसगढ़ महिला टीम ने केरल को 10-2 के बड़े अंतर से हराकर शानदार शुरुआत की। इसके बाद दूसरे मैच में मेजबान पश्चिम बंगाल को 14-3 से करारी शिकस्त दी। इस मैच में रागनी ने 5 गोल, पूनम ने 4, लक्ष्मी निर्मलकर ने 3 और खुशबू ने 2 गोल दागकर टीम की जीत पक्की की।

दूसरे दिन भी जारी रहा विजय अभियान
दूसरे दिन भी छत्तीसगढ़ महिला टीम ने उत्तर प्रदेश को 9-3 से हराया। इस मैच में पूनम ने 5 गोल, लक्ष्मी ने 2 और रागनी ने 2 गोल किए। लगातार जीत के साथ टीम टूर्नामेंट में बढ़त बनाए हुए है।

पुरुष टीम को झटका
वहीं पुरुष वर्ग में छत्तीसगढ़ टीम को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। पहले मैच में भारतीय वायु सेना ने छत्तीसगढ़ को 10-1 से हराया। इसके बाद भारतीय थल सेना के खिलाफ मुकाबले में भी टीम को 11-6 से हार का सामना करना पड़ा।

टीम और सहयोग
छत्तीसगढ़ महिला टीम में लक्ष्मी निर्मलकर, पूनम देवी, रागनी निर्मलकर, खुशबू साहू, चंचल कश्यप और सुमन साहू शामिल हैं, जबकि टीम मैनेजर वर्षा देवी हैं। पुरुष टीम में देवप्रकाश वर्मा, शैलेन्द्र, विकास कुमार, रोहन तांडी, करण साह और शुभम यादव शामिल हैं।

खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर खेल अधिकारियों और संघ पदाधिकारियों ने टीम को बधाई देते हुए आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। कुल मिलाकर, महिला वर्ग में छत्तीसगढ़ टीम का दबदबा साफ दिख रहा है और टीम खिताब बचाने की ओर मजबूत कदम बढ़ा रही है।