FSNL-KONOIKE Tennis Tournament 2025: खिलाड़ियों का जोश हाई, जापानी आए भिलाई

FSNL-KONOIKE Tennis Tournament 2025 Players' Enthusiasm High, Japanese Come to Bhilai
  • टूर्नामेंट में अंडर-8, अंडर-10, अंडर-12, अंडर-14, अंडर-16 (लड़के व लड़कियां) और अंडर-18 वर्ग की प्रतियोगिताएं हो हरी हैं।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। खेलों को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से FSNL-कोनोइके टेनिस टूर्नामेंट 2025 का आगाज हो गया है। शनिवार सुबह उद्घाटन समारोह हुआ। टूर्नामेंट के मैच 20 और 21 दिसंबर 2025 को बीएसपी टेनिस कॉम्प्लेक्स, सिविक सेंटर, भिलाई में खेले जा रहे हैं।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का थीम “Baseline of Hope” है। जापानी कंपनी KONOIKE  एफएसएनएल को खरीद चुकी है। टेकओवर के बाद पहला टूर्नामेंट कराया जा रहा है। दो दिनों तक 187 मैच खेले जाएंगे। छत्तीसगढ़ के ज्यादातर जिलों के खिलाड़ी पसीना बहा रहे हैं। जापानी कंपनी के प्रतिनिधि भी ग्राउंड पर मौजूद रहे। खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। टेनिस भी बच्चों के साथ खेला। अलग-अलग वर्ग में एक साथ 5 मैच खेले जा रहे हैं।

टूर्नामेंट में अंडर-8, अंडर-10, अंडर-12, अंडर-14, अंडर-16 (लड़के व लड़कियां) और अंडर-18 वर्ग की प्रतियोगिताएं हो हरी हैं। आयोजकों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों रायगढ़, जगदलपुर, रायपुर, दुर्ग और भिलाई सहित अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 125 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनकी 215 एंट्री दर्ज की गई हैं।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल उपलब्ध कराना, अनुशासन को प्रोत्साहित करना और ग्रासरूट स्तर पर टेनिस को बढ़ावा देना है। टूर्नामेंट को इस तरह संरचित किया गया है कि सभी मुकाबले निष्पक्ष, सुव्यवस्थित और पेशेवर तरीके से संपन्न हो सकें।

आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह टूर्नामेंट छत्तीसगढ़ में टेनिस खेल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और युवा खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का मजबूत मंच साबित होगा।