राउरकेला स्टील प्लांट ने तोड़ा अपना ही पुराना रिकॉर्ड, हर तरफ तारीफ

Rourkela Steel Plant Broke its Own Old Record
  • वित्त वर्ष 2025-26 में सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र द्वारा प्रमुख उत्पादन क्षेत्रों में अप्रैल-जनवरी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन।
  • नए प्लेट मिल ने वित्त वर्ष के पहले दस महीनों में 8,25,999 टन प्लेट का उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। महारत्न कंपनी सेल की इकाई राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल-जनवरी अवधि के दौरान प्रमुख उत्पादन एवं प्रेषण मानकों में नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है।

आरएसपी ने वित्त वर्ष 2025-26 के पहले दस महीनों में 34,57,761 टन विक्रय योग्य इस्पात का उत्पादन कर अप्रैल-जनवरी अवधि का अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाया। यह पिछले वर्ष की समान अवधि (सीपीएलवाई) में दर्ज 34,35,767 टन के पूर्व रिकॉर्ड से अधिक है। इस उपलब्धि में हॉट स्ट्रिप मिल-2 (एचएसएम-2) की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसने 22,06,432 टन एचआर कॉइल का रोलिंग कर अपना सर्वश्रेष्ठ अप्रैल-जनवरी प्रदर्शन दर्ज किया और सीपीएलवाई के 21,16,097 टन के पूर्व रिकॉर्ड को पार किया।

एचएसएम-2 की नई शीट शियरिंग लाइन (एसएसएल) ने भी अप्रैल-जनवरी अवधि में 2,59,870 टन एचआर प्लेट का उत्पादन कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जो सीपीएलवाई की तुलना में 23 प्रतिशत की सशक्त वृद्धि दर्शाता है।

इसी तरह, नए प्लेट मिल ने वित्त वर्ष के पहले दस महीनों में 8,25,999 टन प्लेट का उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि में दर्ज 7,73,779 टन के पूर्व सर्वोत्तम उत्पादन से अधिक है।

अपस्ट्रीम क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दर्ज की गईं। ब्लास्ट फर्नेस-5 ‘दुर्गा’ ने 26,97,961 टन हॉट मेटल टैप कर अप्रैल–जनवरी अवधि का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं, ब्लास्ट फर्नेस-1 ‘पार्वती’ ने इसी अवधि में 8,95,446 टन हॉट मेटल का उत्पादन कर अपना सर्वकालिक सर्वोत्तम प्रदर्शन दर्ज किया। इसके अलावा, सिंटर प्लांट-3 ने 30,97,986 टन सिंटर उत्पादन के साथ अप्रैल–जनवरी अवधि का सर्वोत्तम रिकॉर्ड बनाया।

लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में भी आरएसपी ने नया मील का पत्थर स्थापित किया। 30 जनवरी 2026 को 5,576 टन का रिकॉर्ड एक दिवसीय सड़क प्रेषण दर्ज किया गया। वहीं, यातायात एवं कच्चा माल विभाग ने जनवरी 2026 में 114 रेक के माध्यम से 3,04,649 टन का अब तक का सर्वश्रेष्ठ जनवरी रेल प्रेषण हासिल किया, जो जनवरी 2024 में दर्ज 2,98,219 टन के पूर्व रिकॉर्ड से अधिक है।