बीएसपी सड़क हादसे में दम तोड़ने वाले मजदूर के परिवार को ये आर्थिक मदद, मिलेगी नौकरी भी

The Family of the Worker Who died in the BSP road Accident Received Financial Assistance and will also Get a Job
  • भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिक की सड़क दुर्घटना में मृत्यु।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत ठेका श्रमिक की सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु के बाद आश्रित परिवार को कुछ हद तक सहायता प्रदान की गई है। पेटी ठेकेदार आरके एंटरप्राइजेज द्वारा अंतिम संस्कार के लिए 2,62,000 की सहायता राशि दी गई। मृतक की पत्नी को कंपनी में नौकरी देने का आश्वासन दिया गया। साथ ही बच्चों की पढ़ाई का खर्च कॉलेज स्तर तक वहन किया जाएगा। ईएसआईसी के तहत लाभ मिलेगा। 10 लाख का दुर्घटना बीमा की राशि प्रदान की जाएगी।

सेक्टर 9 हॉस्पिटल में पीड़ित परिवार के सदस्यों को बीएसपी ठेका कंपनी की ओर से पत्र दिया गया। इस दौरान इंटक के पदाधिकारी संजय कुमार साहू, सीपी वर्मा, दीनानाथ सिंह, सार्वा आर., दिनेश एवं गुरुदेव साहू आदि उपस्थित रहे।

भिलाई इस्पात संयंत्र के आरईडी विभाग में एसआरयू के अंतर्गत कार्यरत कुशल श्रमिक गोमती प्रसाद साहनी (उम्र 55 वर्ष), निवासी खुर्सीपार बीते दिन शाम लगभग 7:45 बजे रोलिंग मिल गेट से संयंत्र में प्रवेश कर अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल अवस्था में उन्हें पहले मेन मेडिकल में उपचार दिया गया, तत्पश्चात सेक्टर-9 अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां रात लगभग 11:00 बजे उनका निधन हो गया। घटना के बाद स्टील ठेका श्रमिक यूनियन (इंटक) की पहल पर प्रबंधन एवं संबंधित ठेका कंपनी द्वारा मृतक के परिवार को तत्काल सहायता प्रदान की गई।