ड्यूटी से NMDC कर्मचारी नहीं पहुंचा घर, खोजबीन पर कन्वेयर बेल्ट में फंसी मिली लाश

NMDC Employee Dies after getting Stuck in Conveyor Belt
  • एनएमडीसी बचेली माइंस के कर्मचारी की कन्वेयर बेल्ट में फंसकर मौत।
  • जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थति साफ हो सकेगी।
  • बचेली पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।

सूचनाजी न्यूज, बचेली। राष्ट्रीय खनिज विकास निगम-एनएमडीसी (National Mineral Development Corporation) के बचेली माइंस में हादसा हो गया। एक कर्मचारी की मौत हो गई है। कन्वेयर बेल्ट में फंसकर कर्मचारी ने दम तोड़ दिया।

ड्यूटी के बाद घर न पहुंचने से हड़कंप मचा। खोजबीन शुरू हुई और लाश कन्वेयर बेल्ट में फंसी मिली। शव को मरच्युरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। डीजीएमएस कार्यालय से जांच कमेटी पहुंचेगी, उसके बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

एनएमडीसी स्क्रीनिंग प्लांट के कन्वेयर बेल्ट में कर्मचारी शिव कुमार उइके कैसे फंसे, यह किसी ने नहीं देखा है। मंगलवार को फर्स्ट शिफ्ट में ड्यूटी पर आए थे। दोपहर 2 बजे काम करके घर लौटना था। ढाई बजे तक घर पहुंच जाते हैं। परिवार वालों ने फोन लगाना शुरू किया तो रिसीव नहीं हुआ।

साथी कर्मचारियों से जानकारी ली गई। कोई कुछ बताने की स्थिति में नहीं था। इसकी खबर विभागीय अधिकारियों को दी गई। अटेंडेंस टाइम चेक किया गया तो आउट पंच नहीं दिखा। लोगों को शक हुआ। प्लांट में खोजबीन शुरू हुई। शाम 6 बजे कन्वेयर बेल्ट के पास शव पाया गया। मृतक कर्मचारी को दो बच्चे हैं। एक बेटी कॉलेज में पढ़ाई कर रही है।

कर्मचारी की मौत को लेकर सेफ्टी पर सवाल उठने लगे हैं। एनएमडीसी प्रबंधन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। लेकिन, मौत का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थति साफ हो सकेगी। फिललहाल, बचेली पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।