- कार्यकारी अध्यक्ष के 2 पदों पर पूरन वर्मा, जीआर सुमन, एस रवि, तुरिंदर सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष के 4 पदों पर 7 लोगों ने दावेदारी कर दी है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील एम्प्लाइज यूनियन भिलाई (इंटक) में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम पड़ाव सामने आया है। यूनियन के अहम पदों पर अब सीधी टक्कर होती दिख रही है। नाम वापसी शनिवार शाम साढ़े 5 बजे तक है। इसके बाद ही स्थिति और साफ हो जाएगी। कौन-कौन किस पदों पर चुनाव लड़ेगा, नाम साफ हो जाएगा।
फिलहाल, महासचिव पर संजय साहू और वंश बहादुर सिंह में सीधी टक्कर दिख रही है। कार्यकारी अध्यक्ष के 2 पदों पर पूरन वर्मा, जीआर सुमन, एस रवि, तुरिंदर सिंह के नाम पर चर्चा है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के 4 पदों पर 7 लोगों ने दावेदारी कर दी है। उपाध्यक्ष के 8 पदों पर भी 13 लोगों का नाम उछाला जा रहा है।
अतिरिक्त महासचिव के 1 पद पर तीन दावेदार है। वर्तमान अतिरिक्त महासचिव शेखर शर्मा रिटायर हो गए हैं। इस पद पर शिव शंकर सिंह, धनेश प्रसाद, पीके बिश्वास चुनाव लड़ रहे हैं। उप महासचिव के 8 पदों पर करीब 15 दावेदारों ने ताल ठोक दिया है।
वरिष्ठ सचिव के 6 पदों पर 10 लोगों का नाम सामने आ रहा है। सचिव के 28 पदों पर 36 नाम आ गए हैं। कोषाध्यक्ष और सहायक कोषाध्यक्ष के एक-एक पद पर भी कई लोगों ने ताल ठोकने का मन बना लिया है।
यूनियन के प्रमुख पदों पर आम सहमति बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। कई पदाधिकारियों को समझाया जा रहा है। बीच का रास्ता निकालकर आम सहमति पर जोर दिया जा रहा है। लेकिन, जद के आगे कोई झुकने को तैयार नहीं है।
वहीं, रिटायर्ड कर्मचारियों को यूनियन के प्रमुख पदों से दूर रखने पर फोकस किया जा रहा है। 3 साल का कार्यकाल है। किसी का 6 माह तो किसी का डेढ साल समय बचा है। ऐसे में रिटायरमेंट के बाद यूनियन का कार्यकाल अधूरा रह जाएगा। इससे बचने के लिए लोगों को समझाया जा रहा है। बता दें कि वंश बहादुर सिंह का 2030 और संजय साहू का 2031 में रिटायरमेंट है।
कार्यकारी अध्यक्ष महासचिव आदि पदों पर चुनाव से पहले यूनियन के 216 यूआर (यूनियन प्रतिनिधि) और 86 डब्ल्यूसीएम (कार्यकारिणी सदस्य) का चुनाव निर्विरोध रूप से संपन्न हो गया है। किसी भी पद के लिए एक से अधिक नामांकन न आने के कारण चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में बिना मतदान के पूरी कर ली गई।
चुनाव अधिकारी के अनुसार निर्धारित तिथियों में नामांकन पत्रों का वितरण, जमा, जांच और अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी की गई। अंतिम सूची में सभी 216 यूआर और 86 डब्ल्यूसीएम पदों के लिए प्रत्याशियों के नाम निर्विरोध घोषित किए गए। इसके साथ ही संगठन के भीतर सहमति और एकजुटता का संदेश भी स्पष्ट रूप से सामने आया है।
यूनियन पदाधिकारियों ने इसे संगठन की एकता और कर्मचारियों के विश्वास का परिणाम बताया। उनका कहना है कि निर्विरोध चुनाव से यूनियन अब कर्मचारियों के हितों, औद्योगिक सुरक्षा, कार्यस्थल की समस्याओं और कल्याणकारी मुद्दों पर और अधिक मजबूती से ध्यान केंद्रित कर सकेगी।











