- सचिव (इस्पात) पौंड्रिक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुबह राउरकेला पहुंचे। सीआईएसएफ ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पौंड्रिक, आईएएस ने सेल (SAIL) के खनन समूह से वर्ष 2031 तक 100 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) लौह अयस्क उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में सामूहिक प्रयास तेज करने का आह्वान किया है।
संदीप पौंड्रिक ने सेल के राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) स्थित गोपबंधु ऑडिटोरियम में ओडिशा ग्रुप ऑफ माइंस (OGoM) और झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस (JGoM) के अधिकारियों के साथ आयोजित संवाद सत्र को संबोधित किया।
इस अवसर पर सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अमरेंदु प्रकाश, इस्पात मंत्रालय के संयुक्त सचिव अभिजीत नरेंद्र, सेल के निदेशक (तकनीकी, परियोजना एवं कच्चा माल) तथा आरआईएनएल के अतिरिक्त प्रभार वाले सीएमडी मनीष राज गुप्ता और राउरकेला इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी आलोक वर्मा मंचासीन थे। संवाद सत्र में खदानों एवं आरएसपी से जुड़े लगभग 400 अधिकारी शामिल हुए।
अपने संबोधन में संदीप पौंड्रिक ने कहा कि घरेलू इस्पात उत्पादन को बढ़ावा देने पर केंद्र सरकार के विशेष फोकस के चलते भारतीय इस्पात बाजार का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे लौह अयस्क की मांग भी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, “यह सेल के लिए एक बड़ा अवसर है कि वह अपनी व्यापक खनन क्षमताओं का लाभ उठाते हुए उत्पादन बढ़ाए, परिचालन दक्षता में सुधार करे और आधुनिक खनन तकनीकों को अपनाए।”
उन्होंने सभी स्तरों के कर्मचारियों से गर्व और स्वामित्व की भावना विकसित करने का आह्वान करते हुए नए उत्कृष्ट मानक स्थापित करने पर जोर दिया।
सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि जब आवश्यकता प्रबल होती है, तो परिणाम अपने आप सामने आते हैं। “जब सपने योजनाओं में बदलते हैं और योजनाएं बन जाती हैं, तो प्रगति स्वतः शुरू हो जाती है,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर विकास मानवती, कार्यकारी निदेशक (JGoM) ने “SAIL@100MTPA आयरन ओअर-जोखिम, तैयारी और आगे की राह” विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
सचिव (इस्पात) ने प्रत्येक खदान के प्रदर्शन, बाधाओं और भविष्य की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की तथा खनिजीकृत क्षेत्रों के सर्वोत्तम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समय-सीमा को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता भी रेखांकित की।
कार्यक्रम की शुरुआत में एमपी सिंह, कार्यकारी निदेशक (माइंस, OGoM-CMLO) ने स्वागत भाषण दिया, जबकि मल्ला श्रीनिवासु, सीजीएम (BOM-CMLO) ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
उल्लेखनीय है कि सचिव (इस्पात) पौंड्रिक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुबह राउरकेला पहुंचे, जहां उन्हें आरएसपी सीआईएसएफ इकाई द्वारा हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। दोपहर में नई दिल्ली प्रस्थान से पूर्व राउरकेला हाउस में भी उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।











