- CBI ने 17 जनवरी 2026 को जाल बिछाया और आरोपी को 1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता की पत्नी, जो HPCL के एक रिटेल आउटलेट की प्रोपराइटर से 2 लाख की रिश्वत की मांग की थी।
सूचनाजी न्यूज, दिल्ली। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जंग में एक और आरोपी धराया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के एक सेल्स ऑफिसर को ₹1 लाख की रिश्वत मांगने और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी चंद्रपुर में पदस्थ था।
CBI के अनुसार, इस मामले में 16 जनवरी 2026 को एक लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता की पत्नी, जो HPCL के एक रिटेल आउटलेट की प्रोपराइटर हैं, को आउटलेट का हैंडओवर कराने के बदले ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता द्वारा पूरी रकम एक साथ देने में असमर्थता जताने पर आरोपी ने 17 जनवरी 2026 को ₹1 लाख की आंशिक राशि लेने पर सहमति जताई, लेकिन साथ ही यह भी शर्त रखी कि काम पूरा होने के बाद शेष राशि भी देनी होगी।
CBI ने 17 जनवरी 2026 को जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से ₹1 लाख की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। CBI ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।











