- बोकारो के ट्रेनिंग हॉस्टल मैदान में खेल-दिवस का आयोजन किया गया।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। प्रतिवर्ष 8 मार्च को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस इस वर्ष “GiveToGain” थीम के साथ महिलाओं के अधिकारों के सशक्त एवं त्वरित संवर्धन पर केंद्रित है। इसी भाव को आत्मसात करते हुए बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा कार्यरत महिला कर्मियों के लिए विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
इन पहलों के माध्यम से संयंत्र महिला सशक्तिकरण, सहभागिता, नेतृत्व विकास तथा सुरक्षित एवं समावेशी कार्य-परिवेश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ कर रहा है। इसी क्रम में महिला खेल-भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ट्रेनिंग हॉस्टल मैदान में खेल-दिवस का आयोजन किया गया।
इस खेल-दिवस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियाँ न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि आत्मविश्वास, टीम-भावना और नेतृत्व कौशल के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे पेशेवर एवं व्यक्तिगत जीवन में संतुलन स्थापित करते हुए निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहें तथा “GiveToGain” की भावना को आत्मसात कर संगठनात्मक प्रगति में सक्रिय योगदान दें।
ल्लेखनीय है की इस आयोजन में 100 से अधिक महिला कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी आयु-वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों – 35 वर्ष तक, 36 से 50 वर्ष तथा 50 वर्ष से अधिक में विभाजित किया गया।
प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के प्रतिभागियों के लिए 100 मीटर दौड़, शॉटपुट एवं रिले दौड़ आयोजित की गईं, जबकि 50 वर्ष से अधिक आयु-वर्ग हेतु 50 मीटर दौड़, शॉटपुट, स्पून एंड मार्बल रेस तथा म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल-भावना, उत्साह और सामूहिक समन्वय का परिचय देते हुए महिला सशक्तिकरण की भावना को सार्थक रूप में अभिव्यक्त किया. सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।






















