- टॉप सेफ्टी सर्किल टीमों ने कहा धन्यवाद सुरक्षा संस्कृति को मिल रहा नया आयाम।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के क्रम में सेफ्टी सर्किल की शीर्ष तीन टीमों ने ईडी (वर्क्स) राकेश कुमार से सौजन्य भेंट की। इस दौरान टीमों ने संयंत्र में सुरक्षा, जागरूकता तथा कार्यस्थल पर हैप्पीनेस विकसित करने हेतु किए जा रहे कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
टीमों द्वारा बताया गया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं, जागरूकता गतिविधियों तथा सहभागिता आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और कार्यस्थल पर जिम्मेदारी की भावना भी सुदृढ़ हुई है। इसी के प्रति आभार स्वरूप उन्होंने श्री राकेश कुमार को एक धन्यवाद पत्र भेंट कर व मिठाई खिला धन्यवाद प्रकट किया।
इस अवसर पर राकेश कुमार ने टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संयंत्र में सुरक्षित कार्यसंस्कृति बनाए रखना एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा, “सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक आवश्यक है कि हम सभी अपने दैनिक कार्य में सतर्कता और जिम्मेदारी को अपनाएं। जब यह व्यवहार का हिस्सा बनता है, तभी वास्तविक परिवर्तन दिखाई देता है।”
उन्होंने आगे सुझाव दिया कि सेफ्टी सर्किल की टीमें अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक असुरक्षित क्रियाओं (अनसेफ एक्ट) एवं असुरक्षित परिस्थितियों (अनसेफ कंडीशन) की पहचान कर उन्हें संबंधित विभाग प्रमुखों तक पहुंचाएं, ताकि समय पर उनका निराकरण किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है, तो उन्हें उचित मंचों पर उठाए, जिससे आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। साथ ही, सुरक्षा जागरूकता को बढ़ाने के लिए विभिन्न माध्यमों का उपयोग करते हुए निरंतर प्रयास जारी रखने पर भी उन्होंने बल दिया।
इस अवसर पर टीम “सुरक्षा शक्ति” से अंकुर राठौर, मोहम्मद रफी एवं पंकज राठौर, टीम “सेफ टेक इनोवेटर्स” से धीरज गायकवाड़, रौनक सूर्यवंशी एवं मानस कुमार तथा टीम “अनुसंधान” से सतीश पांडेय, ओमवीर करण एवं विनय पांडेय उपस्थित थे।














